
*नगर निगम खंडवा द्वारा स्वच्छता, फोर-बिन जागरूकता, पॉलीथिन नियंत्रण एवं कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर दिनभर की व्यापक कार्यवाही*
खण्डवा//नगर निगम खंडवा द्वारा बुधवार
को शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने, पॉलीथिन उपयोग पर नियंत्रण तथा सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता हेतु दिनभर विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की गईं।
प्रातः 8:00 बजे हरिगंज वार्ड में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि की उपस्थिति में सहायक आयुक्त, जोन प्रभारी, वार्ड दरोगा, डोर-टू-डोर कचरा वाहन चालक श्री सलमान खान एवं आईईसी टीम के सदस्यों द्वारा वार्ड के रहवासियों को फोर-बिन प्रणाली के संबंध में विस्तारपूर्वक समझाइश दी गई। इस दौरान नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की प्रक्रिया, घरेलू स्तर पर कचरा पृथक्करण के लाभ तथा स्वच्छता बनाए रखने में नागरिक सहभागिता के महत्व से अवगत कराया गया। नागरिकों से अपील की गई कि वे निर्धारित व्यवस्था का पालन कर नगर निगम के स्वच्छता प्रयासों में सहयोग करें।
दोपहर पश्चात नगर निगम द्वारा प्रतिबंधित पॉलीथिन के विरुद्ध सख्त कार्यवाही एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत अरुणा ख़राले, नितिन दरोगा एवं अन्य अमले द्वारा बुधवारा, रामगंज एवं सराफा क्षेत्र में दुकानदारों एवं आम नागरिकों को पॉलीथिन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यवाही के दौरान कुल 2 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने पर कुल ₹2800/- की जुर्माना राशि वसूल की गई। नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया कि पर्यावरण संरक्षण एवं शहर की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की कार्यवाहियाँ आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।
सायंकाल स्वच्छ भारत मिशन कार्यालय में सहायक आयुक्त श्रीमति प्रिया मैडा द्वारा स्वच्छता की पाठशाला के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सफाई कार्य में लगे सफाई संरक्षकों के स्वास्थ्य परीक्षण (हेल्थ चेकअप) एवं उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। सभी जोनों में नियमित रूप से स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी कैंप आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में ‘स्वच्छता महुआ ऐप’ के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि शहर के नागरिक इस ऐप के माध्यम से नगर निगम से संबंधित अपनी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे, जिनका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करना अनिवार्य होगा। इस संबंध में सभी जोन प्रभारी अधिकारियों — श्री जाकिर अहमद, श्री सखाराम भट्ट, श्रीमती मनीषा पंजाबी, श्री भुवन श्रीमाली, श्री धीरज दवे एवं श्री अजय पटेल को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
नगर निगम खंडवा द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए इस प्रकार के जागरूकता अभियान, प्रवर्तन कार्यवाही एवं तकनीकी नवाचार निरंतर जारी रहेंगे।












