
कुशीनगर।
मौसम में अचानक आए परिवर्तन और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के परिषदीय व अन्य विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी कुशीनगर के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, जनपद कुशीनगर में संचालित परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त विद्यालयों सहित सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्डों के नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए 29 दिसंबर 2025 से 30 दिसंबर 2025 तक अवकाश रहेगा।
हालांकि, आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए होगा। सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अन्य कर्मचारी अपने-अपने विद्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और विद्यालय से संबंधित सभी पूर्व निर्धारित शैक्षिक एवं विभागीय कार्यों को यथावत संपादित करेंगे। इनमें डीबीटी खाता सीडिंग, यू-डायस से संबंधित कार्य, परीक्षा संबंधी तैयारी, शत-प्रतिशत पंजीकरण, निपुण विद्यालय की तैयारी, ईको क्लब एवं निर्वाचन संबंधी कार्य शामिल हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
आदेश की प्रतिलिपि उच्चाधिकारियों सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दी गई है।






