
मां नर्मदा, धर्म,धरा, धेनु प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण हेतु दादा गुरु की नर्मदा परिक्रमा का हुआ शुभारंभ।

तीर्थ नगरी ओमकारेश्वर में मां नर्मदा के पूजन के साथ दादा गुरु की परिक्रमा शुभारंभ पर मंत्री विधायक, जनप्रतिनिधि हुए उपस्थित।
खंडवा, ओंकारेश्वर। तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में कार्तिक शुक्ल की पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को माँ नर्मदा, धर्म, धरा, धेनु, प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण-संवर्धन के उद्देश्य से पूर्ण समर्पित अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादागुरु जी की निराहार माँ नर्मदा सेवा परिक्रमा का शुभारंभ मां नर्मदा के पूजन एवं मंत्रोउच्चार के साथ हुआ। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि विगत कई वर्षों से संत दादा गुरु द्वारा घर परिवार छोड़कर मां नर्मदा के सर्वर्धन एवं संरक्षण के लिए वर्षों से कठिन तपस्या एवं निराहार रहते हुए मां की सेवा में सतत लगे हुए हैं। मां नर्मदा की कई परिक्रमा उनके द्वारा की गई है, उनका मुख्य उद्देश्य मां नर्मदा का संरक्षण संवर्धन के साथ धर्म, धरा, धेनु प्रकृति, गोसंवर्धन एवं पर्यावरण की रक्षा है। दादा गुरु द्वारा एक और संकल्प लिया गया है कि निमाड एवं दादाजी धूनीवाले की इस धरा पर संसार की सबसे बड़ी ध्वजा निशान स्थापित हो, उसके प्रयास भी चल रहे हैं। बुधवार को दादा गुरु द्वारा तीर्थ नगरी ओमकारेश्वर में मां नर्मदा के पूजन के पश्चात मां नर्मदा की परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि परिक्रमा के शुभारंभ के अवसर पर दादा गुरु ने कहा कि मां नर्मदा मध्य प्रदेश की जीवनदायनी है हम सब का दायित्व है कि मां की सुरक्षा संरक्षण हम सभी करें, अंधाधुंध कटाई के कारण प्रकृति के साथ कहीं ना कहीं खिलवाड़ हुआ है इसे दूर करने के लिए बड़ी संख्या में हम सभी संकल्प लेकर पौधों का रोपण कर पुत्र की भांती वृक्ष तैयार करें। धर्म और धरा को बचाए रखें। इस अवसर पर दादा गुरु की परिक्रमा में साधु संतों के साथ मध्य प्रदेश शासन में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राजपाल सिंह तोमर, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, मांधाता विधायक नारायण पटेल, खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे, धर्मेंद्र बजाज, सुनील जैन, सतनाम होरा, श्याम सिंह मौर्य, दीपक पटेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सम्मिलित होकर दादागुरु जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।












