गुरु पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सांसद श्री पाटिल की पहल, सनावद मेमू ट्रेन लगातार चलाने एवं अतिरिक्त फेरो की की मांग।
खंडवा। खंडवा में गुरु पूर्णिमा उत्सव बड़े धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाता है, लगभग पूर्णिमा के अवसर पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु दादाजी धाम दादा जी को नमन एवं दर्शन करने पहुंचते हैं। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि 28 से 30 जुलाई तक आयोजित दादाजी धूनीवाले मेले के दौरान श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या को देखते हुए ट्रेन संख्या 61139/40/41/42 खंडवा-सनावद मेमू का परिचालन यथावत रखने एवं अतिरिक्त फेरे संचालित करने की मांग का पत्र सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने डीआरएम भुसावल और सेंट्रल रेलवे जीएम को भेजा है। खंडवा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 28, 29 एवं 30 जुलाई को प्रसिद्ध संत श्री दादा धूनीवाले महाराज के दर्शनार्थ विशाल मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर लगभग लाखो श्रद्धालुओं का खंडवा आगमन होता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़क एवं रेल मार्ग से आवागमन करते हैं, जिससे रेलवे पर यात्री भार अत्यधिक बढ़ जाता है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि वर्तमान में खंडवा-सनावद मेमू ट्रेन संख्या61139/40/41/42) का संचालन सप्ताह में 5 दिन किया जा रहा है तथा बुधवार एवं गुरुवार को मेंटेनेंस हेतु इसे भुसावल भेजा जाता है। 29 एवं 30 जुलाई को उक्त ट्रेन का मेंटेनेंस निर्धारित होने के कारण इसके परिचालन के बंद रहने की स्थिति निर्मित हो रही है। सांसद श्री पाटिल ने पत्र में लिखा कि उक्त परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए यह अत्यंत आवश्यक है कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु इस मेमू ट्रेन का परिचालन 29 एवं 30 जुलाई को भी यथावत रखा जाए तथा आवश्यकतानुसार पूर्व में ही मेंटेनेंस कार्य संपन्न कराया जाए। साथ ही, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उक्त तिथियों में कम से कम 3 फेरे संचालित किए जाना जनहित में अत्यंत आवश्यक होगा।












