
मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गजपुरा खादर में सरकारी रास्ते का विवाद गहरा गया है। दबंग ने एक बार फिर सरकारी रास्ते पर कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों के अनुसार विजय न तो ट्रैक्टर-बुग्गी निकलने देता है और न ही लोगों को आने-जाने की अनुमति देता है। रोहित यादव, दीपक, सतरपाल, कपिल, अजय और नरेंद्र पाल ने बताया कि पहले प्रशासनिक टीम ने कब्जा हटवाया था। लेकिन पुलिस की ढिलाई का फायदा उठाकर दबंग ने दोबारा रास्ता घेर लिया।
ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल तक की थी। लेखपाल सचिन तोमर ने मौके पर जाकर कब्जे की पुष्टि की थी। टीम की मौजूदगी में रास्ता खुलवाया गया। लेकिन टीम के जाते ही दबंग ने फिर से कब्जा कर लिया। थाना प्रभारी के अनुसार यह मामला राजस्व विभाग से जुड़ा है। तहसील टीम ने मौके पर जांच की है। इसमें ग्रामीणों के हस्ताक्षर लिए गए हैं, लेकिन दबंग के हस्ताक्षर नहीं हो पाए हैं।
तहसील की टीम की संस्तुति पर पुलिस भेजकर रास्ता खुलवाने की बात कही गई है। ग्रामीणों का कहना है कि थाना पुलिस दबंग के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित पक्ष पर दबाव बना रही है। इससे सैकड़ों ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीण चाहते हैं कि प्रशासन सरकारी रास्ते से स्थायी रूप से कब्जा हटवाए।







