
रंजिश में दोस्त ने घर बुलाकर की थी हत्याः मेरठ में युवक को गोली मारी, 2 आरोपी गिरफ्तार
मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय वरुण बाल्मीकि की हत्या का मामला सुलझा लिया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
11 सितंबर को हुई इस वारदात में आरोपी विपुल ने वरुण को गोली मार दी थी। अस्पताल ले जाते समय वरुण की मौत हो गई। मामले की जांच में एक अन्य आरोपी तुषार का नाम भी सामने आया।
पुलिस ने 12 सितंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में विपुल (24) सदर खत्ता मोहल्ला गंज बाजार का रहने वाला है। दूसरा आरोपी तुषार (20) सदर नया बाजार का निवासी है।
पुलिस ने आरोपियों से 32 बोर की मेड इन इटली पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बरामद किए हैं। इस बरामदगी के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले वरुण से उनकी कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते तुषार ने वरुण को घर बुलाया। विपुल ने वरुण को गोली मार दी। घटना को हादसा दिखाने के लिए दोनों घायल वरुण को अस्पताल छोड़कर फरार हो गए थे।
थाना प्रभारी मुनेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन में की गई।













