
मवाना में शुक्रवार को स्कूल छुट्टी के समय यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई। थाने से लेकर सुभाष चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्कूलों की छुट्टी के समय अभिभावकों के वाहनों से सड़कें भर गईं। सैकड़ों वाहनों की भीड़ से जाम की स्थिति बन गई। लोगों को पैदल चलने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ा। गर्मी में जाम में फंसे लोग परेशान होते नज़र आये।
नगरवासियों का कहना है कि स्कूल समय पर यह समस्या नियमित रूप से सामने आती है।
पुलिस-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। एंबुलेंस का जाम में फंसना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि जाम से उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। ग्राहकों को समय पर सामान नहीं मिल पा रहा है। दूर से आने वाले लोग जाम की स्थिति देखकर नगर में आने से बचते हैं। नगर व्यापारियों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था को सुधारने की मांग की है।











