ताज़ा ख़बरें

*निगम पोर्टल से आमजन को मिलेगी सुविधा, संपत्तिकर, जलकर व कचरा प्रबंधन के होंगे एकीकृत खाते – महापौर भार्गव*

*निगम पोर्टल से आमजन को मिलेगी सुविधा, संपत्तिकर, जलकर व कचरा प्रबंधन के होंगे एकीकृत खाते – महापौर भार्गव*

 

*महापौर ने राजस्व व सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की ली समीक्षा बैठक, पोर्टल के त्वरित निर्माण और नियमित निगरानी के निर्देश*

 

इंदौर। शहर के नागरिक अब नगर निगम के एकीकृत पोर्टल के माध्यम से संपत्तिकर, जलकर और कचरा प्रबंधन शुल्क की जानकारी और भुगतान एक ही मंच से कर सकेंगे। यह जानकारी महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज नगर निगम सभाकक्ष में आयोजित राजस्व विभाग एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में दी।

 

बैठक में महापौर परिषद सदस्य निरंजन सिंह चौहान, राजेश उदावत, अपर आयुक्त नरेंद्रनाथ पांडे, अनिल बनवारिया, श्रीमती लता अग्रवाल सहित दोनों विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

महापौर ने बैठक में बताया कि नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे नए डिजिटल पोर्टल में नागरिकों की सुविधा को केंद्र में रखा गया है। उन्होंने निर्देशित किया कि पोर्टल पर करदाता अपनी संपत्ति की गणना किस दर क्षेत्र (रेट झोन) और आकार (साइज़) के आधार पर की गई है – यह स्पष्ट रूप से देख सकें। साथ ही संपत्तिकर से संबंधित डाटा को प्राथमिकता के साथ संग्रहित किया जाए ताकि राजस्व वसूली में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके।

 

*प्रमुख निर्देश एवं निर्णय*

 

– नगर निगम पोर्टल पर संपत्तिकर, जलकर और कचरा प्रबंधन शुल्कों के लिए एकीकृत खाता ID प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे करदाताओं को अलग-अलग खातों का बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।

 

– कर जमा करने के बाद संबंधित करदाता को पोर्टल पर अद्यतन जानकारी दिखाई देगी।

 

– मार्केट विभाग की समीक्षा के दौरान शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के किराया वसूली और व्यवसायिक लाइसेंस के नवीनीकरण कार्यों की स्थिति का भी परीक्षण किया गया।

 

– निर्माणाधीन पोर्टल के कार्यों की प्रगति की हर 15 दिनों में समीक्षा सूचना प्रौद्योगिकी एवं राजस्व प्रभारी अधिकारी द्वारा की जाएगी, वहीं महापौर स्वयं मासिक समीक्षा करेंगे।

 

– महापौर ने निर्देशित किया कि पोर्टल निर्माण का कार्य समय-सीमा में पूर्ण हो तथा इसकी निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

 

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर नगर निगम की यह पहल नागरिकों को डिजिटल सुविधा से जोड़ते हुए पारदर्शी और उत्तरदायी प्रशासन की दिशा में एक अहम कदम है। आगामी समय में यह पोर्टल नागरिकों के लिए एक सरल, सहज और भरोसेमंद माध्यम बनेगा।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!