मुजफ्फरनगर। जनपद की रहने वाली एक युवती मुस्कान ने एक वीडियो जारी कर और मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुस्कान का कहना है कि उसके ससुराल वालों ने उसे न केवल बंधक बनाकर प्रताड़ित किया, बल्कि मायके आने के बाद भी उसे धमकाया जा रहा है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता मुस्कान ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब साढ़े तीन साल पहले उसकी शादी ग्राम खाजपुर, थाना छपार निवासी अमेज पुत्र शकील से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही अमेज विदेश चला गया, और मुस्कान अपने ससुराल में रहने लगी। तभी से उसे ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।मुस्कान के अनुसार, एक दिन उसके जेठ और बहन के पति खुशहाल ने उसके साथ जबरदस्ती की। यह बात जब उसके पति अमेज तक पहुँची, तो उसने मुस्कान को तलाक दे दिया और उसे घर में बंधक बना लिया। इसके कुछ दिन बाद मुस्कान के मायके वाले उसे लेने आये और मुस्कान ने जब अपने परिवार को पूरी बात बताई, तो उन्होंने भी मुस्कान को बंधक बना लिया।
पीड़िता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि उसके ससुराल वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे बंधन से मुक्त कर सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दिया जाए। साथ ही, पीड़िता ने अपनी जान को ससुराल व मायके दोनों जगह से खतरा बताया है।
पीड़िता मुस्कान ने एक वीडियो जारी कर कई गंभीर आरोपों का खुलासा किया है। वीडियो में वो बताती हैं कि उसकी और उसकी बहन हीना की शादी एक ही परिवार में हुई थी।
उसने आरोप लगाया है कि उसके बहनोई खुशहाल ने उसके साथ जबरदस्ती की। जब उसने यह बात अपने परिवार को बताई, तो उन्होंने खुशहाल (जीजा) को घर बुलाकर पूछताछ की, लेकिन परिवार ने खुशहाल का ही साथ दिया, और उसे झूठा ठहराया।
वीडियो में मुस्कान ने दावा किया है कि उसकी और उसकी बहन हीना की शादी एक ही परिवार में हुई थी। उसके बहनोई खुशहाल ने न सिर्फ उसका शोषण किया, बल्कि अब वह मुस्कान पर दबाव बना रहा है कि वह एक व्यक्ति चांद के खिलाफ झूठा बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराए। मुस्कान का कहना है कि खुशहाल ने गाय काटने की एक घटना को अंजाम दिया था, जिस पर चांद नामक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद से खुशहाल बदला लेने की नीयत से मुस्कान को फर्जी केस में फंसाने का दबाव बना रहा है।
मुस्कान ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उसके भाई अरमान ने चांद को गोली मारी, लेकिन यह हमला खुशहाल के कहने पर किया गया था। अब खुशहाल को डर है कि कहीं अरमान गिरफ्तार होकर उसका नाम न ले ले, इसलिए वह मुस्कान को ब्लैकमेल कर रहा है कि यदि उसने चांद के खिलाफ झूठा बयान नहीं दिया तो वह उसकी बहन हीना को तलाक दे देगा।वीडियो में मुस्कान स्पष्ट रूप से रोते हुए अपनी आपबीती बताती नजर आ रही है और मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगा
रही हैं।









