
श्रम दिवस मनाने का उद्देश्य मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कराना है- दिलावर सिंह
—
अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर ग्राम रूस्तमपुर के पंचायत भवन में विधिक साक्षरता शिविर हुआ आयोजित
—
खण्डवा//मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के यथानिर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा श्रीमती ममता जैन के मार्गदर्शन में तथा श्री पियूष भावे, न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा के निर्देशन में 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर ग्राम रूस्तमपुर के पंचायत भवन में विधिक साक्षरता शिविर जनसाहस संस्था के सहयोग एवं समन्वय से आयोजित किया गया।
विधिक साक्षरता शिविर में उपस्थित महिलाओं एवं पुरूषों को संबोधित करते हुए जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह ने कहा कि हम सब जानते हैं कि कोई भी देश तभी प्रगति कर सकता है, जब उसकी नींव मजबूत हो और यह नींव तैयार करते हैं हमारे श्रमिक। चाहे वह सड़कें बनाने वाले हों, भवन निर्माण में लगे लोग हों, खेतों में पसीना बहाने वाले किसान हों, फैक्ट्रियों में दिन-रात काम करने वाले मजदूर हों, या फिर छोटे दुकानदार और सफाई कर्मचारी, हर मजदूर अपने-अपने स्तर पर समाज को आगे ले जाने में जुटा हुआ है।
कभी आपने गौर किया है कि जब आप सुबह उठते हैं, तब तक दूध वाला, सफाईकर्मी, अखबार वाला सभी अपना काम कर चुके होते हैं। हम जिन सुविधाओं का उपभोग करते हैं – बिजली, पानी, यातायात, भोजन – हर एक के पीछे अनगिनत मजदूरों का परिश्रम छुपा होता है। अंर्तराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाने का उद्देश्य मजदूरों की उपलब्धियों का सम्मान करना और उनके द्वारा किये गये योगदान को याद करना है। यह दिन मजदूरों को संगठित कर आपसी एकता मजबूत करने के लिये और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिये भी है।
इसके अतिरिक्त उपस्थित महिलाओं एवं पुरूषों को नेशनल लोक अदालत, निःशुल्क विधिक सहायता अधिवक्ता योजना, महिलाओं संबंधी कानून, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, नालसा टोलफ्री 15100 की जानकारी एवं सायबर अपराध आदि कानूनी विषयों की भी जानकारी दी गई।
आयोजित विधिक साक्षरता शिविर के कार्यक्रम का संचालन पैरालीगल वालेन्टियर श्री सत्यप्रकाश मिश्रा ने किया एवं आभार जनसाहस एन.जी.ओ. के फील्ड ऑफिसर श्री अखिलेश गोलकर ने माना। आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में जनसाहस संस्था से श्रीमती किरण बचले जिला समन्वयक, श्रीमती रजनी वास्कले फील्ड ऑफिसर, श्रीमती संगीता सोलंकी फील्ड कार्यकर्ता एवं श्री सरदार सिंह डुडवे फील्ड कार्यकर्ता की भी सहभागिता रही। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव श्री अशोक मराठे विशेष रूप से उपस्थित थे।











