
तिरुपति बालाजी दर्शन करने के पश्चात सांसद श्री पाटिल पहुंचे दिल्ली।
दिल्ली में श्री पाटिल ने कृषि मंत्री श्री चौहान से मुलाकात कर किसानों के हित के लिए मूल्य संवर्धन प्रयोगशाला कार्यक्रम आयोजित करने का सौंपा पत्र।
खंडवा। खंडवा संसदीय क्षेत्र एवं क्षेत्र की जनता की सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने परिवार सहित तिरुपति पहुंच कर बालाजी भगवान के दर्शन किए। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि तिरुपति बालाजी के दर्शन करने के पश्चात सांसद श्री पाटिल नई दिल्ली पहुंचे, मंगलवार को नई दिल्ली में सांसद श्री पाटिल ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से आत्मीय भेंट कर खंडवा संसदीय क्षेत्र में तीन दिवसीय कृषि अनुसंधान एवं मूल्य संवर्धन (Value Addition) प्रयोगशाला कार्यक्रम आयोजित किए जाने हेतु आग्रह पत्र सौंपा। प्रवक्ता सुनील ने बताया कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कृषि मंत्री श्री चौहान को प्रयोगशाला कार्यक्रम हेतु पत्र सोंपते हुए बताया कि खंडवा लोकसभा कृषि प्रधान क्षेत्र है। यहाँ के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन तथा वैज्ञानिक मार्गदर्शन का लाभ मिले, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हों इसी उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण मांग रखी।













