![](https://triloknews.com/wp-content/uploads/2025/02/dastak-abhiyan-2.jpeg)
दस्तक अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास की संयुक्त बैठक सम्पन्न
खण्डवा 14 फरवरी, 2025 – कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के निर्देशन में शुक्रवार को दस्तक अभियान के द्वितीय चरण 18 फरवरी से 18 मार्च के सफल क्रियान्वयन के संबंध में सी.एम.एच.ओ. कार्यालय के सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास की संयुक्त बैठक की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने बताया कि जन्म से 5 वर्ष के बच्चों को स्वास्थ्य सेवाऐं दी जायेंगी। जिसमें 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जायेगी और एनिमिक बच्चों की फॉलोअप जाँच की जायेगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिल तंतवार ने बताया कि प्रदेश में बाल मृत्यु प्रकरणों में कमी लाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा प्रतिवर्ष महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से दस्तक अभियान चलाया जाता है, जिसमें जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों को घर घर जाकर सेहत की जाँच कर 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामीन-ए घोल की खुराक पिलाई जायेगी। 9 माह से 1 वर्ष तक के बच्चों को 1 एमएल व 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 2 एमएल खुराक पिलाई जायेगी। ”कोई भी बच्चा ना छूटे“ इसके लिए बच्चों की सूची के अनुसार सेवाएं देना सुनिश्चित करेंगे। डॉ. तंतवार ने बताया कि 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामीन-ए की खुराक देकर बच्चों की रोग प्रतिरोध क्षमता में वृद्धि होती है, शरीर का संक्रमण, कुपोषण और अन्य बीमारियों से बचाव होता है, वृद्धि में विकास में सहायता करता है, त्वचा और आँखों को स्वस्थ रखता है, रतौन्धी से बचाव, एनीमिया नियंत्रण में सहायक, मीजल्स एवं दस्त रोग से होने वाली मृत्यु रोकता है। समुदाय में 5 वर्ष तक के बच्चों में गंभीर एनीमिया की सक्रिय स्क्रीनिंग की जायेगी। इस दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.डी. बकोरिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रश्मि कौशल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री शैलेन्द्र सिंह सोेलंकी, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास, बी.एम.ओ., बी.पी.एम., बी.ई.ई., बी.सी.एम., मौजूद थे।