Uncategorizedअन्य खबरेताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश के देवास जिले में कलयुगी बेटे की दिल दहला देने वाली करतूत

जिस बेटे को मां ने बड़े नाजों से पाला था, उसी ने ममता को जिंदा जलाकर उतार दिया मौत के घाट

मध्य प्रदेश के देवास जिले में कलयुगी बेटे की दिल दहला देने वाली करतूत सामने आई है. यहां एक मां की डांट से नाराज होकर बेटे ने 70 साल की अपनी दिव्यांग मां को मक्के की झाड़ डालकर जिंदा जला दिया.

इस वारदात के बाद मां ने तड़प-तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी बेटे को बुधवार को गिरफ्तार करने के बाद उसे जिला कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया.
दिव्यांग मां को जिंदा जलाया

देवास जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र के झूला दंड के पटेल मोहल्ले में 70 वर्ष की दिव्यांग मां को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि मां बीनका बाई और बेटे धन सिंह के बीच मंगलवार देर रात 9 बजे के करीब पारिवारिक समस्या को लेकर कहासुनी हो गई थी. इसके बाद मां खाट पर लेटे-लेटे कुछ बड़बड़ा रही थी. इस बात से नाराज होकर उसके बेटे धन सिंह ने अपनी ही मां को जिंदा जला दिया. बताया जाता है कि बेटा शराब के नशे में था.

गुस्से में जलाया अपनी मां को

मां और बेटे के बीच कहासुनी होने के बाद गुस्से से हैवान बन चुके बेटे ने पहले अपनी मां को खाट पर से नीचे पटका. फिर मक्के की झाड़ डालकर आग लगा दी. जानकारी के अनुसार मृतक बीनका बाई एक पैर से दिव्यांग थी. बीनका बाई के पति और धन सिंह की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है. मृतका अपने बेटे धन सिंह और उसके बेटा-बहू के साथ रहती थी. घटना वाली रात बेटा-बहू रिश्तेदारी में गए हुए थे.

बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार

देवास के एडिशनल एसपी (ग्रामीण) आकाश भूरिया ने बताया कि 70 साल की एक बेटे का उसके दिव्यांग मां को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है आरोपी मानसिक रूप से अर्ध विक्षिप्त और आदतन शराबी है. मां और पुत्र के बीच में आए दिन किसी ना किसी बात को लेकर कहासुनी होती रहती थी. उस रात भी दोनों के बीच कहा सुनी हुई. इस दौरान पुत्र ने मां के ऊपर घास-फूस रखकर आग लगा दी, जिससे महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!