

*हत्या के आरोपी को समनापुर पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार*
*घने जंगल में छिपे आरोपी की घेराबंदी कर विशेष टीम ने की सफल गिरफ्तारी*
डिण्डौरी, दिनांक 27 जुलाई 2026।
पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी श्री आशीष खरे के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में समनापुर पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
दिनांक 26 जुलाई 2026 को प्रातः लगभग 08:30 बजे थाना समनापुर क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी समनापुर निरीक्षक श्री हरिशंकर तिवारी तत्काल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की पहचान कमल सिंह मरावी के रूप में हुई।
मृतक की पत्नी हिंरदिया बाई ने बताया कि दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय ग्राम के सुकल सिंह मरावी ने उसके पति के साथ विवाद कर धक्का-मुक्की की। इसके बाद आरोपी ने पीछा कर तालाब के पास उसे पकड़ लिया और पत्थर से सिर पर गंभीर प्रहार कर दिया, जिससे कमल सिंह मरावी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी समीप स्थित जंगल में फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी श्री आशीष खरे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह द्वारा तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बजाग श्री विवेक कुमार गौतम के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी की संभावित लोकेशन का सूक्ष्म विश्लेषण करते हुए घने जंगल में व्यापक सर्च अभियान चलाया। लगभग चार से पाँच घंटे तक लगातार कठिन तलाशी एवं जंगल की प्रभावी घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी सुकल सिंह मरावी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। इसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे जिला जेल डिण्डौरी भेज दिया गया।
*सराहनीय भूमिका*
इस सफल कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बजाग श्री विवेक कुमार गौतम, निरीक्षक श्री हरिशंकर तिवारी (थाना प्रभारी समनापुर), उप निरीक्षक लक्ष्मीप्रसाद पुष्पकार, सउनि. संतोष यादव (चौकी प्रभारी), सउनि. कमल सिंह उइके, सउनि. खेमवती मरावी, प्रधान आरक्षक 365 भारत लाल बसन्त, प्रधान आरक्षक 183 राजेश मरावी, प्रधान आरक्षक 29 संतोष धुर्वे, प्रधान आरक्षक 297 कृष्णपाल सिंह एवं आरक्षक 267 सुनील कुमार पट्टा की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।









