जिला पंचायत सभाकक्ष में अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न
5 नवंबर 2025 को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत एवं अनुश्रवण समिति (District Steering-Cum-Monitoring Committee) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने की।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी, नगर पालिका अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में एमडीएम प्रभारी रामजीवन वर्मा ने जानकारी दी कि सितंबर एवं अक्टूबर माह की मध्यान्ह भोजन सामग्री 100 प्रतिशत जारी की जा चुकी है, वहीं नवंबर एवं दिसंबर माह की खाद्यान्न सामग्री का ईआरओ जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि करंजिया एवं अमरपुर विकासखंडों में निरीक्षण कार्य कम होने के कारण संबंधित बीआरसी को इस माह 80 प्रतिशत तक निरीक्षण बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सभी बीईओ एवं बीआरसी को सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का 100 प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि एमडीएम खाद्यान्न सामग्री खराब पाई जाती है तो उसे तत्काल वापस किया जाए, तथा बच्चों को मध्यान्ह भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए और समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी अनिवार्य रूप से कराया जाए।











