सहारनपुर। जिले में हाल ही में आई दैवीय आपदा में दो लोगों की जान जाने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उनके परिजनों को आपदा राहत सहायता दी गई। प्रदेश के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री एवं सहारनपुर के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में चेक वितरित कर सहायता प्रदान की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 मई को तहसील देवबंद क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की दो घटनाएं हुई थीं, जिनमें ग्राम खजूरी निवासी अनिल कुमार सिंह (पुत्र बीरबल सिंह, आयु लगभग 65 वर्ष) और ग्राम कुरडी निवासी अंकित कुमार (पुत्र नेकीराम, आयु लगभग 28 वर्ष) की मृत्यु हो गई थी।मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने दोनों मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री दैवीय आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।कार्यक्रम के दौरान विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष महेंद्र सैनी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दैवीय आपदाओं से प्रभावित लोगों को समय से सहायता और राहत मिलनी चाहिए।












