मेरठ – थाना किठौर क्षेत्र स्थित ललियाना गांव में एक निजी मदरसे में उस समय हड़कंप मच गया जब एक सोलर बैटरी तेज धमाके के साथ फट गई। इस हादसे में पांच छात्र-छात्राएं झुलस गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ललियाना गांव में मुजीब और सलीम नामक दो ग्रामीणों द्वारा संचालित एक निजी मदरसे में नया सोलर पैनल लगाया गया था। बैटरी को मदरसे में खुले में रखकर सीधे चार्ज किया जा रहा था।शुक्रवार को इंटरवैल के दौरान जब बच्चे पेयजल और टॉफी-बिस्किट कॉर्नर की ओर जा रहे थे, उसी समय बैटरी ओवरचार्ज होकर तेज धमाके के साथ फट गई। इससे निकले तेजाब की चपेट में पांच बच्चे आ गए।घायल छात्रों को तत्काल एक निजी क्लीनिक में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
गंभीर बात यह है कि मदरसा संचालकों ने दो दिन तक इस घटना को छुपाकर रखा। जब किसी ग्रामीण ने पुलिस को इसकी सूचना दी, तब जाकर किठौर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरी घटना मदरसा प्रबंधन की लापरवाही का परिणाम है। खुले में रखी गई बैटरी और बिना किसी तकनीकी निगरानी के डायरेक्ट चार्जिंग से यह बड़ा हादसा हुआ।पुलिस का कहना है कि मदरसा संचालकों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। अगर लापरवाही पाई जाती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।












