
शिक्षक राष्ट्र निर्माण के शिल्पकार हैं : रोटरी क्लब ने शिक्षक दिवस पर किया सम्मान।
खंडवा। शिक्षक दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ खंडवा निमाड़ द्वारा स्वर्गीय सेठ मानसिंगा हिंदू बाल सेवा सदन में शिक्षक सम्मान समारोह रोटरी अध्यक्ष रो. गोविंद शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। समारोह में संस्था के प्रबंधक श्री विनय नेगी, शिक्षक पालक संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र वर्मा, प्राचार्य श्रीमती अक्षता शर्मा सहित संस्था की 18 शिक्षिकाओं का दुपट्टा, माला एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मान किया गया।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि शिक्षक दिवस के कार्यक्रम में अतिथि के रूप में वीरेंद्र वर्मा, अनिल बाहेती, श्रीमती वीणा जैन, तरुण झवर एवं शैलेश पालीवाल सुनील जैन, उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ चतुर्विद परीक्षण से करते हुए रोटरी क्लब के सचिव रो. संजीव मंडलोई ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया। रो. अतुल अत्रिवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व का निर्माण कर उन्हें जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के भविष्य को आकार देने में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है।
इस अवसर पर वीरेंद्र वर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए शिक्षकों के समर्पण एवं उनके योगदान की सराहना की। संस्था के प्रबंधक एवं अध्यक्षीय उद्बोधनकर्ता विनय नेगी ने रोटरी क्लब द्वारा शिक्षकों के सम्मान के लिए किए गए इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और शिक्षा का सम्मान है।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि समारोह में रोटरी क्लब खंडवा निमाड़ के रो. सुभाष मेहता, रो. सुनील बंसल, रो. राजनारायण पोरवाल, रो. आमीन खान, रो. अनूप हिंदुजा, रो. सतीश सकारगायें एवं रो. संदीप सोनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में परियोजना संयोजक रो. मनोज मित्तल ने सभी अतिथियों, संस्था प्रबंधन, शिक्षकों एवं रोटरी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिक्षक सम्मान समारोह ने यह संदेश दिया कि समाज में शिक्षकों का सम्मान केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के निर्माण में उनके अमूल्य योगदान के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है।










