
*शरीर शुद्धि प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का प्रथम दिवस उत्साहपूर्वक सम्पन्न*

*मिट्टी लेपन व सूर्य वाष्पीकरण से प्राकृतिक स्वास्थ्य लाभ की दी जानकारी*
खण्डवा। नवकार नगर स्थित नक्षत्र गार्डन में अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रेरणा एवं लायन्स क्लब खण्डवा व लियो क्लब खण्डवा के सहयोग से आयोजित पाँच दिवसीय शरीर शुद्धि प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का प्रथम दिवस आज अत्यंत उत्साह व अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ। प्रातःकालीन सत्र में बड़ी संख्या में शिविरार्थियों ने सहभागिता कर प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।समाजसेवी नारायण बाहेती व सुनील जैन ने बताया कि शिविर में देव संस्कृति विश्व विद्यालय से प्रशिक्षित प्राकृतिक चिकित्सक एवं न्यूरोथेरेपिस्ट आचार्य सुरेश चौधरी जी ने योग एवं प्राणायाम के साथ दिनचर्या का शुभारंभ कराया। इसके पश्चात उन्होंने मिट्टी लेपन (मड थेरेपी) एवं सूर्य वाष्पीकरण चिकित्सा के महत्व को विस्तार से समझाया।
आचार्य सुरेश चौधरी ने बताया कि मिट्टी लेपन शरीर की गर्मी को संतुलित करता है, त्वचा के रोमछिद्रों को खोलकर शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में सहायक होता है तथा रक्त संचार को बेहतर बनाता है। यह पाचन तंत्र को सुधारने, त्वचा रोगों में राहत देने एवं शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडक प्रदान करने में अत्यंत उपयोगी है।
उन्होंने सूर्य वाष्पीकरण की प्रक्रिया के बारे में बताते हुए कहा कि सूर्य की किरणों में अद्भुत ऊर्जा होती है, जो शरीर को रोगमुक्त बनाने में सहायक होती है। मिट्टी लेपन के बाद सूर्य की किरणों एवं शुद्ध वायु के संपर्क में आने से शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा मानसिक तनाव में कमी आती है।शिविर प्रमुख डॉ अजय लाड़ व लोकेश स्वामी ने बताया कि शिविर के दौरान जल नेति, सूर्य चिकित्सा एवं अन्य प्राकृतिक उपचार विधियों का भी अभ्यास कराया गया। सह आचार्य मनोज चौरे ने बताया कि नियमित रूप से इन पद्धतियों को अपनाकर ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कब्ज, गैस, एसिडिटी, जोड़ों का दर्द, कमर दर्द, सर्वाइकल एवं माइग्रेन जैसी बीमारियों में लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अग्निहोत्र का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण की शुद्धि के साथ सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। अग्निहोत्र में ए.एस.पी. महेंद्र तारणेकर, कमलेश हुमड़, अजय लाड़, लोकेश स्वामी, नारायण बाहेती, लियो अध्यक्ष सुमित परिहार, रविंदर कौर सलूजा, पिंकी राठौड़, पूनम भारती, आशा अग्रवाल,श्रीमती महिंद्रा थरने ,अलका गौर,लायन्स, लियो,सामाजिक संस्था सदस्य व अन्य गणमान्य नागरिकों ने आहुति दी।










