
हस्तिनापुर/मवाना। महाभारत कालीन ऐतिहासिक क्षेत्र हस्तिनापुर के ग्राम रानी नंगला में उस वक्त जश्न का माहौल छा गया, जब यूपीएससी परीक्षा में 59वीं रैंक प्राप्त कर आईएएस बनीं प्राची पंवार अपने पैतृक गांव पहुंचीं। मवाना से शुरू हुआ स्वागत का सिलसिला गांव की गलियों तक ‘रोड शो’ के रूप में तब्दील हो गया, जहां ग्रामीणों ने अपनी लाडली का पलक पावड़े बिछाकर अभिनंदन किया।

सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ निकला विजय काफिला
प्राची पंवार के स्वागत का काफिला मवाना के पक्का तालाब से आरंभ हुआ। इसमें सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर और गाड़ियां शामिल थीं। जैसे ही काफिला रानी नंगला की मुख्य सड़क पर पहुंचा, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया और पुष्प वर्षा कर अपनी खुशी का इजहार किया। भाजपा नेत्री संहिता पोसवाल ने दर्जनों महिलाओं के साथ प्राची को ‘जय श्री राम’ का पटका पहनाकर स्वागत किया।
भव्य समारोह में दिग्गज हुए शामिल
स्वागत समारोह का विधिवत आयोजन राकेश पंवार के निवास पर सिद्ध बाबा मंदिर के पास किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री जगबीर सिंह गुर्जर ने की। संचालन भाजपा जिला मंत्री सुनील पोसवाल और प्रवीन खेप्पड ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षाविद् सुनील पोसवाल, बीडीओ अमरीश कुमार धामा और ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल ने बुके और स्मृति चिह्न भेंट कर किया। इस दौरान ‘राष्ट्रीय वीर गुर्जर महासभा’ और ‘रानी नंगला ग्राम विकास समिति’ के पदाधिकारियों ने शहीद धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा भेंट कर प्राची को सम्मानित किया।
युवाओं के मार्गदर्शन के लिए सदैव तत्पर: प्राची पंवार
अपने संबोधन में आईएएस प्राची पंवार भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा:
”मैं अपने पैतृक गांव में हुए इस अभूतपूर्व स्वागत से अभिभूत हूं। मेरा सपना समाज की सेवा करना और अपने गांव व देश का नाम रोशन करना है। क्षेत्र के युवाओं को जब भी मेरे मार्गदर्शन की जरूरत होगी, मैं हर संभव मदद के लिए तैयार रहूंगी।”

परिजनों का भी हुआ सम्मान
इस अवसर पर प्राची की सफलता के स्तंभ रहे उनके परिवार—दादी सुमित्रा देवी, पिता राकेश पंवार, माता कविता पंवार, चाचा पवन और भाई माधव पंवार को भी ग्रामीणों ने विशेष रूप से सम्मानित किया।
प्रमुख उपस्थित:
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सोनू प्रधान, सोनू गुर्जर मिरगपुर, देवेंद्र पंवार (DR कंस्ट्रक्शन), महाप्रबंधक प्रताप सिंह, नारायण सिंह, अजय कुमार, संदीप, रविंद्र प्रधान, ज्ञानेंद्र भाटी, अतर सिंह यादव, जिला पंचायत सदस्य पति जितेंद्र चंदेल सहित हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।










