
विकासखंड कादर चौक थाना कादरचौक के घटियारी गांव में किसान की पीट-पीटकर हत्या, खेत के पास पड़ा मिला शव, शरीर पर चोट के निशान

बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में बुधवार की रात घटियारी गांव निवासी किसान सोपली कश्यप की पीटकर हत्या कर दी गई। परिवार वालों का कहना है कि वह रात करीब आठ बजे घर से खेत जाने के लिए निकले थे। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। ग्रामीणों ने उनका शव खेत के पास पड़ा देखा तो उनके परिजनों को सूचना दी। हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद कादरचौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

परिजनों का कहना है कि शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। जिससे आशंका जताई जा रही है कि पिटाई कर उनकी हत्या की गई है। सोपली कश्यप चार भाइयों में मंझले थे। उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। खेताबाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। उनकी हत्या के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।






