
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के सलावा गांव में मंगलवार रात दो समुदायों के बीच मछली पकड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले. इस घटना में 8 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिसके बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
क्या हुआ था?
मेरठ-मुजफ्फरनगर रोड पर सलावा गांव के पास एक नाले पर कुछ ठाकुर समुदाय के लोग बैठे थे. जब मुस्लिम समुदाय के लोग वहां से गुजरे, तो उन्होंने उनसे पूछा कि वे वहां क्यों बैठे हैं. ठाकुरों ने जवाब दिया कि वे मछली पकड़ रहे हैं, जिस पर दूसरा पक्ष भड़क गया.
इसके बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई, जो जल्द ही लाठी-डंडों के इस्तेमाल तक पहुंच गई. देखते ही देखते, दोनों ओर से बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और हिंसक झड़प होने लगी. इस दौरान गांव की महिलाओं ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी.
पुलिस पर हमला और घायलों की स्थिति
घटना की सूचना मिलने पर सरधना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया. इस दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया. जब पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर अपनी सफेद गाड़ी में ले जाने लगी, तो भीड़ में से एक युवक ने एक पुलिसकर्मी के हाथ से डंडा छीन लिया और गाड़ी के पीछे भागने लगा.
भीड़ ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ाने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस की गाड़ी पर भी हमला किया गया, लेकिन पुलिसकर्मी तुरंत गाड़ी को वहां से निकालने में सफल रहे.
इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के 8 से अधिक लोग घायल हुए हैं. घायलों में कपिल, प्रिंस उर्फ छोटू, शिवम, अमरपाल सिंह, रवि सिंह, विनीत चौहान, अनिल, राहुल, सत्तार, अबरार, और आरिफ शामिल हैं, जिन्हें सरधना सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.
गांव में तनाव, भारी फोर्स तैनात
हिंसा के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सरधना, फलावदा, सरुरपुर और रोहटा समेत चार थानों की पुलिस को तैनात किया गया है. इसके अलावा, पीएसी की एक टुकड़ी भी गांव में मौजूद है. एसपी देहात डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है.













