
पर्यावरण संरक्षण का संदेश : अमृता देवी की स्मृति में भारतीय मजदूर संघ ने मनाया पर्यावरण दिवस।
खंडवा। भारतीय मजदूर संघ जिला इकाई खंडवा ने गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यावरण दिवस मनाया। यह आयोजन वृक्षों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाली अमृता देवी बिश्नोई की स्मृति को समर्पित रहा। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया की कार्यक्रम के दौरान मजदूर संघ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण किया और हरियाली बचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने कहा कि अमृता देवी का बलिदान हमें यह प्रेरणा देता है कि प्रकृति की सुरक्षा ही मानव जीवन की सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि औद्योगिकरण और प्रदूषण के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।संघ पदाधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे पेड़-पौधे लगाने, जल संरक्षण करने और प्लास्टिक के कम से कम उपयोग की दिशा में ठोस कदम उठाएँ।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूर संघ कार्यकर्ताओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही संघ के विभिन्न आनुषांगिक संगठन—आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ, आशा कार्यकर्ता संघ, मध्यान्ह भोजन संघ, भारतीय रेलवे मजदूर संघ आदि ने भी सक्रिय सहभागिता की।











