
लोकसभा में गूंजा खंडवा के किसानों का मुद्दा, एनएचबी का क्षेत्रीय कार्यालय खोलने की मांग।
खंडवा। खंडवा लोकसभा क्षेत्र के किसानों के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा गुरुवार को संसद में उठा। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने लोकसभा में नियम 377 के तहत खंडवा में नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड (NHB) का क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किए जाने की मांग रखते हुए कहा कि इससे निमाड़ अंचल के बागवानी किसानों को केंद्र सरकार की योजनाओं और ऋण सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। समाज सेवी व सांसद प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि लोकसभा सत्र के दौरान सांसद श्री पाटिल संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों की सदैव बाद रखकर अलग-अलग विभागों के मंत्रियों से मुलाकात कर विकास कार्यों को बढ़ावा दे रहे हैं, गुरुवार को लोकसभा में सांसद पाटिल ने सदन में कहा कि खंडवा सहित निमाड़ क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में बागवानी से जुड़े हैं, लेकिन वर्तमान में एनएचबी का क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल और मुख्यालय गुरुग्राम में होने के कारण किसानों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। पूर्व निमाड़ से भोपाल की दूरी लगभग 270 किलोमीटर तथा खंडवा से गुरुग्राम की दूरी 800 किलोमीटर से अधिक होने के कारण छोटे, लघु और सीमांत किसानों को आर्थिक और समय संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि लंबी दूरी और यात्रा व्यय के कारण अनेक किसान केंद्र सरकार की बागवानी योजनाओं एवं ऋण सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों के किसानों को इन योजनाओं का बेहतर लाभ मिल रहा है। ऐसे में खंडवा में एनएचबी का क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित होना किसानों की सुविधा, बागवानी के विकास और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति के लिए आवश्यक है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए खंडवा में नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय शीघ्र स्थापित किया जाए, ताकि निमाड़ अंचल के किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही सुलभ हो सके।












