
*संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर निकली भव्य कलश यात्रा*

*तीनों नगर मंडलों में हुआ यात्रा का भव्य स्वागत, विधायक कंचन मुकेश तनवे ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश**
*खंडवा।** संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही भव्य कलश यात्रा बुधवार को खंडवा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा अटल बिहारी वाजपेयी मंडल के प्रेमचंद जैन वार्ड स्थित संत रविदास नगर से प्रारंभ हुई। यात्रा का शुभारंभ विधायक कंचन मुकेश तनवे ने किया।
कलश यात्रा संत रविदास नगर से प्रारंभ होकर श्री दादाजी धूनीवाले महाराज मंदिर, भवानी माता मंदिर, श्री गणेश गौशाला एवं शनि मंदिर पहुंची। इसके पश्चात यात्रा ने नगर के तीनों भाजपा मंडलों में भ्रमण किया। यात्रा का विराम गांधी नगर में होगा।
उल्लेखनीय है कि संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही यह यात्रा 20 अगस्त से मांधाता, हरसूद और पंधाना विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए खंडवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नागचुन पहुंची। इसके बाद जावर मंडल, ब्रह्मगिर-अमलपुरा मंडल होते हुए अब अटल बिहारी वाजपेयी मंडल में पहुंची है। विधायक कंचन मुकेश तनवे लगातार चार दिनों से अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में इस यात्रा के साथ पहुंचकर ग्रामीणों एवं नगरवासियों से संवाद कर रही हैं।
इस अवसर पर विधायक कंचन मुकेश तनवे ने नगरवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि **संत गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। हमें उनके विचारों को आत्मसात करते हुए बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ मिलकर कार्य करना है।**
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस संकल्प की पूर्ति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होगा। साथ ही समाज के निर्धन, वंचित और असहाय लोगों की सहायता करते हुए सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना होगा।
कलश यात्रा का समापन **10 सितंबर को सुबह 11 बजे नगर निगम परिसर, खंडवा** में होगा।
कार्यक्रम के दौरान चारू मंगल यादव, महापौर अमृता यादव, सेवादास पटेल, धर्मेंद्र बजाज, श्रुति जैन, स्नेहा परासर, दिनेश पालीवाल, लोकेंद्र सिंह गौड़, गणेश गुरबानी, सुधांशु जैन, बलदेव मोर्य, दीना पवार, शेखर वर्मा, सचिन यादव, वरुण भवरे, आशीष चटकले, संजय परदेशी, विवेक सरसर, सिवा मेहता, प्रशांत मिश्रा, माधुरी राजपूत सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।











