
गुरु पूर्णिमा और किशोर गौरव दिवस की तैयारियों की समीक्षा, महापौर अमृता यादव ने अधिकारियों को दिए निर्देश
खंडवा। श्री दादाजी धूनी वाले के गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं किशोर गौरव दिवस को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को नगर निगम सभागृह में महापौर अमृता अमर यादव की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त प्रियंका राजावत की उपस्थिति में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव और गौरव दिवस के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि बैठक में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सफाई, कचरा प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विभागवार चर्चा की गई। महापौर अमृता यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
महापौर ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु खंडवा पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मेले के दौरान पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि बैठक में विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, जिससे गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं किशोर गौरव दिवस का आयोजन सुचारू, व्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में महापौर अमृता अमर यादव, निगम आयुक्त प्रियंका राजावत, कार्यपालन यंत्री राधेश्याम उपाध्याय, मनीष झीले, संजय शुक्ला, नवनीत शुक्ला सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












