
*एक पेड़ गुरु के नाम : गुरु पर्व के सप्तम दिवस पर करियर काउंसलिंग एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित*

खण्डवा। “एक पेड़ गुरु के नाम” गुरु पर्व के सप्तम दिवस के अवसर पर ग्राम बड़गांव माली स्थित शासकीय हाई स्कूल में विधि एजुकेशन वेलफेयर सोसायटी, भोपाल के सहयोग से करियर काउंसलिंग एवं पर्यावरण संरक्षण विषयक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत वार्षिक कैलेंडर के अनुसार संपन्न हुआ। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ मोना दफ्तरी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा भविष्य की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रश्नोत्तर एवं संवादात्मक चर्चा के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर चुनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बाल कैबिनेट एवं साथिया वॉलंटियर से उनके दायित्वों एवं विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त कर सहयोगात्मक चर्चा की गई। विद्यालय परिसर में विकसित 27 ग्रहों की नक्षत्र वाटिका का भ्रमण भी कराया गया, जहां पौधों एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया की
कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान के तहत विषय विशेषज्ञ मोना दफ्तरी, विद्यालय परिवार तथा छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मालती अत्रे के मार्गदर्शन में क्षमा खेड़े, संतोष राय, किरण भदावले, सरोज कदम, फिरदौस शेख सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।












