
भक्ति और काव्य की सुरमयी संध्या: नवकार नगर में साईं भजन व आध्यात्मिक काव्यपाठ का आयोजन।
खंडवा। नवकार नगर स्थित साईं भक्त महेश मूलचंदानी के नवनिर्मित भवन में भक्ति और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर साईं भजनों की मधुर प्रस्तुति के साथ आध्यात्मिक काव्यपाठ का भव्य आयोजन किया गया, समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक कवियों और साहित्यकारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आनन्द तोमर एवं डॉ. जगदीश चंद चौरे रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में देवेंद्र जैन एवं प्रमोद जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नानक बजाज ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ साईं बाबा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर महेश मूलचंदानी, रुकमणी मूलचंदानी एवं रोशनी मूलचंदानी ने अतिथियों एवं कवियों का स्वागत किया। मां शारदा की वंदना जयश्री तिवारी, कविता विश्वकर्मा एवं माधुरी श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत की गई, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन सुनील चौरे “उपमन्यु” ने किया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता मनुष्य को जीवन के भवसागर से पार लगाने की शक्ति देती है और ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। काव्यपाठ में जयश्री तिवारी, महेश मूलचंदानी, नीलम बजाज, राधेश्याम शाक्य, दीपक चाकरे, कविता विश्वकर्मा, मंगला चौरे, माधुरी श्रीवास्तव, वर्षा उपाध्याय, तारकेश्वर चौरे, ओमप्रकाश चौरे, संतोष चौरे, शरद चौरे, अरुण सोनी, रश्मि दीक्षित, समीर दीक्षित एवं सुनील उपमन्यु सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर किया।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में आयोजन की सराहना करते हुए इसे मूलचंदानी परिवार की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समर्पण भावना का प्रतीक बताया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन रोशनी मूलचंदानी द्वारा किया गया। पूरा आयोजन भक्ति, साहित्य और आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।











