21 से 4 दिसम्बर तक आयोजित होगा पुरुष नसबंदी पखवाड़ा
—
खण्डवा//परिवार नियोजन में पुरूष भागीदारी को बढ़ावा देने के ‘‘पुरूष नसबंदी पखवाड़ा’’ का आयोजन दिनांक 21 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ओ.पी. जुगतावत ने बताया कि यह पखवाड़ा 2 चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में मोबिलाईजेशन व सामाजिक जागरूकता गतिविधियां 21 से 27 नवम्बर तक आयोजित होगा। पखवाड़े का दूसरा चरण 28 नम्वम्बर से 4 दिसम्बर तक आयोजित होगा। इस दौरान जिला अस्पताल एवं विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य संस्थाओं में कैंप लगाकर पुरूष नसबंदी की जायेगी। डॉक्टर जुगतावत ने बताया कि पुरूष नसबंदी एक बहुत ही आसान व सरल पद्धति है जिसमें नसबंदी करने में मात्र 5 से 10 मिनिट का समय लगता है और पुरूष को भर्ती होने की भी आवश्यकता नहीं है और नसबंदी के बाद पुरूष अपने घर जा सकते हैं। इसमें किसी प्रकार की कोई कमजोरी नहीं होती है। महिला नसबंदी के अपेक्षा पुरूष नसबंदी बहुत ही आसान है। उन्होंने बताया कि पुरूष नसबंदी कराने पर हितग्राही को 3000 रू. और प्रेरक को 400 रूपये प्रोत्साहन स्वरूप दिये जाते हैं।










