
कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र की 21 वर्षीय युवती को खड्डा क्षेत्र के नरायणपुर गांव निवासी वीरेंद्र चौहान ने प्रेमजाल में फंसाकर 70 हजार में बिजनौर के एक युवक को बेच दिया।
युवती ने किसी तरह पड़ोस में रहने वाली एक महिला के मोबाइल से अपने घर वालों से संपर्क किया तब पुलिस वहां पहुंची और उसे सही सलामत बरामद करते हुए उसके प्रेमी व उसे खरीदने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में गोरखपुर के एक युवक समेत अन्य की तलाश पुलिस कर रही है।
पीडि़ता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, करीब एक साल पहले उसकी वीरेंद्र से जान पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में प्रेम हो गया। इसी बीच जुलाई में वीरेंद्र ने उसे मिलने के लिए गोरखपुर बुलाया। वह पहुंची तो उसने एक युवक का नंबर दिया और कहा कि उसके साथ उसके घर चली जाओ। वह कुछ देर में वहीं पहुंचेगा लेकिन वह उस दिन नहीं आया। चार दिन बाद वह आया और उस लड़के के साथ उसे लेकर बिजनौर चला गया। वहां उसने उसे कांशीराम आवास में रहने वाले रवि कुमार को 70 हजार में बेच दिया। उसके बाद युवक ने उससे जबरन शादी कर ली और घर में बंधक बना कर रखने लगा। उसके साथ दुष्कर्म करता और विरोध करने पर मारता पीटता। रक्षाबंधन के दिन किसी तरह उसने पड़ोस की एक महिला के मोबाइल से घर वालों से संपर्क किया। तब उन्होंने पुलिस की मदद ली।
एसपी संतोष मिश्र ने बताया कि फोन नंबर के आधार पर पुलिस ने लोकेशन का पता लगाया और बुधवार को बिजनौर पहुंची। वहां से बंधक बनाई गई युवती को बरामद किया। वहीं से पुलिस ने रवि और वीरेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया और ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बृहस्पतिवार को कुशीनगर पहुंची ।













