
पीलीभीत के करेली थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका प्रीति देवी के भाई विमलेश की शिकायत पर पुलिस ने पति सौरभ समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। विमलेश ने बताया कि उसने अपनी बहन की शादी बमरौली गांव के सौरभ से की थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। शादी के बाद से ही पति मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर प्रीति के साथ मारपीट की जाती थी।
9 जून की सुबह 5 बजे विमलेश को सूचना मिली। वह जब बमरौली पहुंचा तो प्रीति की मृत अवस्था में मिली। उसके गले पर चोट के निशान थे। घर में रखा बक्सा, आलमारी और बेड टूटा हुआ था। विमलेश का आरोप है कि सौरभ और विकास पुत्र गुड्डू उर्फ अमरनाथ , गुड्डू और सालिकराम पुत्र मंगरे लाल ने गला दबाकर उसकी बहन की हत्या कर दी।
करेली थाने के एसओ दीपक कुमार के अनुसार मृतका के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपी मौके से फरार हैं। पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।













