20 मई से पुनः प्रारंभ होगा 100 दिवसीय सघन टी.बी. मुक्त भारत अभियान
—
खण्डवा//कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ. पी. जुगतावत के निर्देशन में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टी.बी. मुक्त भारत अभियान के 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान 7 दिसंबर से 24 मार्च तक चलाया गया था। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल के निर्देशानुसार इस अभियान को निरंतर रखने के लिए 20 मई से सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जायेगा।
नोडल अधिकारी डॉ. शक्तिसिंह राठौड़ ने बताया कि अभियान के दौरान कमजोर व उच्च जोखिम वाले मरीजों की स्क्रीनिंग, बिना लक्षण वाले मरीजों के एक्स-रे एवं संभावित लक्षण वाले मरीजों की नॉट टेेस्टिंग कर टी.बी. मरीजों की पहचान की जायेगी। जिसके बाद नियमित उपचार के साथ साथ निक्षय पोषण योजना, निक्षय मित्र, टी.बी. देखभाल एवं रोकथाम के उपाय किए जायेंगे। ग्राम में सी.एच.ओ. द्वारा हर 15 दिन में एवं आशा कार्यकर्ता द्वारा हर सप्ताह टी.बी. मरीजों के घर भ्रमण कर उनकी पोषण स्थिति की निगरानी रखी जायेगी। पूर्व टी.बी.मरीज, 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, धूम्रपान तम्बाकू व मदिरा का सेवन करने वाले व्यक्ति, मधुमेह रोगी, डायलिसिस, कैंसर, सिलिकोसिस, दमा, बी.पी मरीज, आदिवासी जनसंख्या, झुग्गी बस्तियाँ, ईंट भट्टा निर्माण स्थल पर कार्य करने वाले श्रमिक एवं गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग जांच व निदान उपचार किया जायेगा। जिन उच्च जोखिम जनसंख्या की तीन माह पूर्व में स्क्रीनिंग हो चुकी है, उनकी भी पुनः स्क्रीनिंग की जायेगी। इस अभियान में आमजनों को टी.बी. के बचाव व रोकथाम की जानकारी भी दी जायेगी।












