ताज़ा ख़बरें

अपने बच्चों का विवाह समाज में ही होना चाहिए

अपने बच्चों का विवाह समाज में ही होना चाहिए

 

बच्चों को समाज से जोड़ना बहुत जरूरी है – प्रदेश अध्यक्ष केदार रावल ने कही बड़ी महत्वपूर्ण बात

 

मध्य प्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद की साधारण सभा उज्जैन में संपन्न

 

🎯 त्रिलोक न्यूज़ चैनल

उज्जैन

 

मप्र नागर ब्राह्मण परिषद के प्रदेश अध्यक्ष श्री केदार रावल की अध्यक्षता में संपन्न हुई मध्य प्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद् की साधारण सभा में महत्वपूर्ण विषयों पर विचार विमर्श किया गया। समाज के मुखपत्र हाटकेश्वर समाचार की प्रिंटेड कापी के सुव्यवस्थित और नियमित प्रकाशन के लिए आवश्यक प्रयास, वित्तीय स्थिति एवं मूल्य पर विचार किया गया।

 

मंच पर प्रदेश अध्यक्ष श्री केदार रावल, महासचिव श्री हेमंत व्यास, श्री दिनेश मेहता, श्रीमती सोनिया मंडलोई, श्री विजय शर्मा, श्री लव मेहता, श्री पवन मेहता, श्री अशोक व्यास, श्री राम व्यास, श्री दिलीप नागर, श्री भूपेन्द्र त्रिवेदी, श्रीमती नेहा मेहता, श्रीमती प्रतिभा मेहता, श्रीमती प्रीति शर्मा उपस्थित थे।शुभारंभ में मंचासीन पदाधिकारियों ने भगवान हाटकेश्वर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया तत्पश्चात श्रीमती कविता मेहता ने गणेश वंदना और नरसी मेहता के भजन वैष्णव जन की प्रस्तुति दी।

 

इस मौके पर अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री रावल ने बड़ी गंभीर और महत्वपूर्ण बात रखते हुए वर्तमान में नागर समाज के बच्चों के गैर समाजों में हो रहे वैवाहिक संबंधों की ओर इशारा करते हुए कहा कि इससे बचने हेतु बच्चों को समाज में बाल्यकाल से ही जोड़ना चाहिए ताकि वह समाज की रीति, नीति और संस्कृति से अच्छी तरह परिचित हो सके और भविष्य में वह नागर समाज की गरिमामय, संस्कृति प्रधान परंपरा को समझते हुए अन्य समाजों में विवाह से बचते हुए अपने समाज को ही सर्वोपरि मानें। हालांकि यह बात उन्होंने खुलकर नहीं कही, लेकिन उनकी पीड़ा शब्दों में दिखाई दी कि हमारे समाज के युवक युवतियां दूसरे समाज में विवाह क्यों कर रहे हैं यह बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने अपने कार्यकाल में इंदौर में नागर रत्न भक्त शिरोमणि पंडित श्री कमल किशोर नागर जी के आशीर्वाद और प्रोत्साहन से समाज के लिए सर्व सुविधायुक्त सामाजिक भवन बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की भी जानकारी दी। श्री रावल ने इसके अतिरिक्त परिषद की उत्कृष्ट कार्य करने वाली शाखाओं में से किसी एक शाखा को प्रत्येक वर्ष किसी बड़े आयोजन में सम्मानित किए जाने की घोषणा करते हुए इसके लिए एक समिति का निर्माण किए जाने की जानकारी दी, साथ ही समाज के सामूहिक विवाह एवं यज्ञोपवीत संस्कार हेतु भी यह निर्धारण किया कि प्रत्येक वर्ष कोई एक शाखा इसकी जिम्मेदारी ले उसमें सभी शाखाएं उसकी मदद करें और कम से कम 11 जोड़े हों तभी यह आयोजन किया जावे और किसी भी शाखा द्वारा नहीं किए जाने की दशा में बसंत पंचमी या उसके आसपास शुभ मुहूर्त में गौरीसन होटल एंड रिसोर्ट में यह आयोजन किया जाना तय किया गया। प्रशासन की ओर से यह आश्वासन प्राप्त होने के बाद कि लसूडिया और इकलेरा गांव डूब प्रभावित क्षेत्रों से बाहर रहेंगे अतः माँ अन्नपूर्णा मंदिर के जीर्णोद्धार पर भी विस्तृत योजनाबद्ध रूप से कार्य किए जाने पर सहमति जताई।

 

मध्य प्रदेश नागर ब्राह्मण महिला परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सोनिया मंडलोई ने बताया कि जब से उन्होंने प्रभार लिया है वह पूरी तरह तन मन धन से समाज की सेवा में जुटी हुई हैं। उनके द्वारा लिए गए निर्णय में से अधिकांश कार्य पूर्ण किए गए हैं।आगामी कार्ययोजना के तहत साइबर क्राइम/फ़्रॉड से बचने के लिये कार्यशाला, नागर बालको के लिये 2 दिवसीय संस्कार शिविर, चिकित्सा एवं उपभोक्ता जागरूकता पर प्रादेशिक स्तर पर कार्यशाला रहेगी प्रदेश सचिव प्रसून मेहता शाजापुर ने स्वागत भाषण में समाजसेवा को सर्वोपरि माना। प्रदेश युवा महासचिव दिलीप नागर ने शाजापुर शाखा की प्रगति रिपोर्ट में कहा कि श्री केदार रावल के कारण समाज संगठित हुआ है और समाज की पत्रिका का संचालन प्रकाशन कभी बंद न हो ऐसे प्रयास किए जाने चाहिए। महासचिव हेमंत व्यास ने अपने गौरीसन होटल एंड रिसोर्ट को समाज के सामूहिक आयोजनों के लिए सदैव निःशुल्क उपलब्ध करवाने की बात कही। प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री दिनेश मेहता ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। श्री लव मेहता ने हाटकेश्वर समाचार की प्रगति की जानकारी दी। आपने इस पत्रिका की अब नियमित प्रिंटेड कापी प्रकाशित किए जाने की जानकारी दी। साथ ही परिषद के प्रदेश समन्वयक खजराना गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी पं श्री अशोक जी भट्ट द्वारा हाटकेश्वर समाचार की आगामी माह के प्रकाशन का व्यय हेतु 50 हजार रुपए के योगदान की घोषणा की, इस कारण हाटकेश्वर समाचार की प्रिंटेड काॅपी का मूल्य निर्धारण आगामी बैठक में किए जाने की जानकारी दी।

 

इस अवसर पर शामगढ शाखा के नव नियुक्त अध्यक्ष श्री सुरेश नागर, महासचिव श्री ओमप्रकाश नागर, महिला शाखा अध्यक्ष श्रीमती अरुणा नागर, मंदसौर शाखा अध्यक्ष श्री बाबूलाल नागर, सचिव श्री सतीश नागर, रतलाम महिला शाखा अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी राजेन्द्र रावल का एवं श्रीमती मीनाक्षी रावल के पर्यावरण मंच इंदौर की जिला अध्यक्ष बनने पर, श्री योगेश मेहता जी (उज्जैन) एवं उनकी पत्नी का जीते जी देहदान के संकल्प के लिये,वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ नरेन्द्र नागर(इंदौर) तथा अमेरिका से आई उनकी बेटी अस्मिता का विशेष रूप से स्वागत और सम्मान किया गया।

संभागीय अध्यक्ष श्री विजय शर्मा व श्री पवन मेहता ने संगठित समाज की उपयोगिता पर जोर दिया।मड़ावडा शाखा अध्यक्ष श्री दीपक मेहता, इंदौर शाखा के कार्यकारी अध्यक्ष श्री हर्ष मेहता, उज्जैन अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र त्रिवेदी, मंदसौर अध्यक्ष श्री बाबूलाल नागर, माकड़ोन अध्यक्ष श्री महेन्द्र शर्मा, शामगढ़ अध्यक्ष श्री सुरेश नागर ने भी अपनी शाखा की गतिविधियों की जानकारी दी। देवास शाखा से उपस्थित युवा परिषद अध्यक्ष नितिन नागर ने साधारण सभा में अपना विशिष्ट योगदान दिया।

 

उज्जैन शाखा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि सभी लोग प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देशों का पालन करें और समाज के प्रत्येक व्यक्ति का पंजीयन हो, सभी हाटकेश्वर समाचार पत्र के सदस्य बनें, ऐसे प्रयास करें।

इस अवसर पर परिषद की ओर से सभी शाखा अध्यक्षों को सामूहिक यज्ञोपवीत व विवाह संस्कार के उपलक्ष्य में स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। अंत में समाज के दिवंगत पुण्य-जनों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र-गान व वंदेमातरम के उद्घोष के साथ हुआ।साधारण सभा का संचालन प्रदेश महासचिव श्री हेमंत व्यास ने किया। आभार उज्जैन युवा शाखा अध्यक्ष श्री अमित नागर पंचोली ने व्यक्त किया। यह जानकारी प्रदेश मीडिया प्रभारी श्रीमती दीपिका सूरज मेहता ने दी।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!