
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित यूसीमास खंडवा के विद्यार्थी।

8 मिनट में 200 सवालों को हल करने का हुनर दिखाएंगे।
खंडवा। खंडवा जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, हर विधा में यह प्रतिभाएं अपने हुनर के माध्यम से खंडवा का नाम देश-विदेश में रोशन कर रही है, अबेकस एवं मेंटल एरिथ्मेटिक के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लगातार प्रदर्शन कर रहे यूसीमास खंडवा के 7 विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए मुंबई रवाना होंगे। 5 सितंबर को मुंबई के सिडको एक्जीबिशन सेंटर में आयोजित होने वाली राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 6000 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि यूसीमास खंडवा के चयनित विद्यार्थी 4 सितंबर को मुंबई के लिए प्रस्थान करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के सामने निर्धारित समय में बड़ी संख्या में सवाल हल करने की चुनौती होगी। विद्यार्थियों को महज 8 मिनट में 200 सवालों को हल करना होगा। इस दौरान केवल तेज गति से सवाल हल करना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि सही उत्तर देने यानी एक्यूरेसी पर भी विशेष ध्यान देना होगा। यही चुनौती विद्यार्थियों की मानसिक गणना क्षमता, एकाग्रता, स्मरण शक्ति और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता की परीक्षा लेगी। सुनील जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में यूसीमास खंडवा का प्रतिनिधित्व करने वाले विद्यार्थियों में समर्थ लालवानी, मीत पटेल, स्तुति अग्रवाल, शुभ जैन, तन्मय जैन, अनय जयसवाल और अभिषेक खंडेलवाल शामिल हैं। एक्स्ट्रामाइंड्स एकेडमी के अनुराग सर और मून मैम के साथ पालकों ने भी इन विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।










