
माता वैष्णो देवी की साइकिल यात्रा पर निकले रणगांव के भक्तों को विधायक कंचन मुकेश तनवे ने भेंट की साइकिल
विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रणगांव से साइकिल के माध्यम से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं के दृढ़ संकल्प और आस्था को देखते हुए खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने दो यात्रियों को साइकिल भेंट कर उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
दोनों भक्तों ने जब विधायक कंचन मुकेश तनवे के समक्ष साइकिल से माता वैष्णो देवी के दरबार तक पहुंचकर दर्शन करने की अपनी इच्छा व्यक्त की, तो विधायक ने उनकी श्रद्धा और संकल्प की सराहना करते हुए तत्काल साइकिल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। विधायक अपने निजी कार्य में व्यस्त होने के कारण स्वयं उपस्थित नहीं हो सकीं, इसलिए उन्होंने अपने प्रतिनिधि मुकेश तनवे को साइकिल भेंट करने के लिए भेजा।
विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे ने कहा कि माता वैष्णो देवी की यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है। साइकिल से इतनी लंबी यात्रा पर निकलना निश्चित रूप से प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी यात्रियों के सुखद, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना करते हुए माता रानी से उनके मंगल एवं कल्याण की प्रार्थना की।
इस अवसर पर देवेंद्र सिंह राठौड़, अनिल सिंह, सचिन राठौड़, ऋषिराज एवं आदित्य रावत सहित पांचों यात्रियों की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान अरुण सिंह मुन्ना, सतनाम सिंह होरा, भरत पटेल, हरीश रिजवानी एवं महेश चौधरी ने माता रानी के जयकारों के साथ यात्रियों का स्वागत किया और साइकिल भेंट की। विधायक प्रतिनिधि तनवे ने साइकिल देने के पूर्व उसे पेडल मारकर चला कर उसकी गुणवत्ता एवं चैन ब्रेक शीट को भी बारीकी से चेक किया उन्होंने कहा ऐसा ना हो रास्ते में किसी प्रकार की कोई यात्रा के दौरान तकलीफ आए इसलिए मैं पहले इसको स्वयं चेक भी कर लूं उन्होंने साइकिल से दूरी भी तय की
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने विधायक कंचन मुकेश तनवे के इस सहज एवं संवेदनशील प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धा और संकल्प के साथ निकले भक्तों का उत्साह बढ़ाना समाज में सकारात्मक ऊर्जा और धार्मिक भावना को मजबूत करता है।










