
कारीआम-खोडरी के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के निर्माणाधीन हिस्से में बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। आम से भरा एक पिकअप वाहन सड़क किनारे बने गड्ढे में फंसने से पलटने की स्थिति में पहुंच गया। चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माणाधीन सड़क पर बारिश के कारण कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी हुई है। सड़क के किनारे गहरे गड्ढे होने के बावजूद वहां किसी प्रकार के चेतावनी संकेत, बैरिकेडिंग या सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में वाहन चालकों को सुरक्षित रास्ते का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण एजेंसी द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। पूरे निर्माणाधीन मार्ग पर कहीं भी पर्याप्त सांकेतिक बोर्ड, रिफ्लेक्टर या डायवर्जन संकेत नहीं लगाए गए हैं, जिससे हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा पूरे मार्ग पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम तत्काल सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।











