ताज़ा ख़बरें

डिंडौरी में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई: 22 वाहनों का चालान, 7,900 रुपये समन शुल्क वसूला

त्रिलोक न्यूज 09 सितंबर 2026

जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बुधवार को परिवहन विभाग और स्थानीय यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। जिला परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता और यातायात थाना प्रभारी सुभाष उइके के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल 22 वाहनों के चालान काटकर 7,900 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

कार्रवाई के दौरान यात्री बसों की विशेष जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 04 बसों के चालान बनाए गए, जिनसे 2,000 रुपये का समन शुल्क लिया गया। इसके अलावा, सड़कों पर दौड़ रहे अन्य निजी और वाणिज्यिक वाहनों की जांच में बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग (तीन सवारी) और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते पाए जाने पर 18 चालान काटे गए और 5,900 रुपये समन शुल्क वसूला गया।

इस संयुक्त अभियान के दौरान परिवहन कार्यालय से पंकज डेहरिया व शंकर चारिया तथा यातायात पुलिस से सहायक उपनिरीक्षक राम रूप विश्वकर्मा, आरक्षक राजन, विष्णु और अनिल उपस्थित रहे।

कार्रवाई के साथ-साथ अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। चालकों को वाहन के सभी वैध दस्तावेज साथ रखने, अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग करने तथा नाबालिगों को किसी भी हाल में वाहन न सौंपने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!