यातायात एवं एमपीआरडीसी के द्वारा बढ़ती दुर्घटनाओ की रोकथाम हेतु ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण कर दिए गये आवश्यक दिशा निर्देश

खंडवा, 19 जनवरी 2026
पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय के निर्देशन मे दिनांक 19.01.2026 को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाए जाने के उद्देश्य से उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अनिल कुमार राय एवं एमपीआरडीसी के निर्देशक श्री आशीष सिंघाल द्वारा शहर के चिन्हित ब्लैक स्पॉट का संयुक्त रूप से विस्तृत निरीक्षण किया गया।
इस दौरान ब्लैक स्पॉट क्रमांक–01 माता चौक से राम नगर तक तथा ब्लैक स्पॉट क्रमांक–02 चिराखदान से टीठीया जोशी पल तक के मार्गों का गहन अवलोकन किया गया। निरीक्षण के समय इन मार्गों पर होने वाली बार-बार की सड़क दुर्घटनाओं, यातायात दबाव, सड़क की बनावट, संकेतक, स्पीड ब्रेकर, प्रकाश व्यवस्था एवं पैदल यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, तेज गति पर नियंत्रण, सही स्थानों पर साइन बोर्ड एवं रोड मार्किंग, खराब अथवा अनुपयुक्त स्पीड ब्रेकरों के सुधार, तथा दुर्घटनाओं की संभावना वाले स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एमपीआरडीसी के निर्देशक द्वारा सड़क सुधार, आवश्यक तकनीकी परिवर्तन एवं संरचनात्मक सुधारों को शीघ्र अमल में लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन ब्लैक स्पॉट स्थलों पर सुधार कार्यों का मुख्य उद्देश्य वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाना, आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यातायात को अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाना है। इसके साथ ही आमजन से भी यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने एवं सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की गई।
यह निरीक्षण एवं दिए गए निर्देश भविष्य में सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित यातायात सुविधा प्राप्त होगी।
यातायात विभाग सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे:
• यातायात नियमों का पालन करें।
• निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएँ।
• सड़क पर सावधानी बरतें और संकेतकों का पालन करें।
• हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें|
2,515 1 minute read








