
एडिटर/संपादक/तनीश गुप्ता,खण्डवा
सी.एम.एच.ओ. डॉ. जुगतावत ने पोषण पुनर्वास केन्द्र पंधाना का किया निरीक्षण
चमाटी में देखी दस्तक अभियान की गतिविधियाँ
खंडवा 06 मार्च, 2025 – मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ओ.पी. जुगतावत ने गुरुवार को पोषण पुनर्वास केन्द्र पंधाना का निरीक्षण कर वहाँ भर्ती 13 बच्चों की माताओं से स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा पोषण प्रशिक्षक को कहा कि बच्चों की माताओं की कॉउंसलिंग कर पोषण आहार संबंधी जानकारी नियमित रुप से दें। उन्होंने अस्पताल में भर्ती प्रसूता महिलाओं से उनके एवं बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉ. जुगतावत ने विकासखण्ड छैगांवमाखन के ग्राम चमाटी में चल रहे दस्तक अभियान की गतिविधियाँ देखकर सी.एच.ओ. व ए.एन.एम. को निर्देश दिए कि विटामिन-ए की खुराक से कोई भी बच्चा छूटे नहीं और जिस ग्राम का कार्य पूर्ण हो गया है, वहाँ की एंट्री दस्तक पोर्टल पर की जाना सुनिश्चित करें। इसी क्रम में उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पंधाना में विकासखण्ड पंधाना के सीएचओ की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि निरोगी काया अभियान में शत प्रतिशत 30 वर्ष व इससे अधिक उम्र वर्ग के नागरिकों की बीपी, शुगर व फेटी लीवर की जाँच कर उपचार करें। साथ ही 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान में उच्च जोखिम वाले नागरिकों की स्क्रीनिंग व एक्स-रे करें। दस्तक अभियान के तहत जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाऐं प्रदान करें एवं 9 माह से 5 वर्ष तक के शत प्रतिशत बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाना सुनिश्चित करें। संबंधित मेडिकल ऑफिसर को निर्देश दिये कि सेक्टर अंतर्गत सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित रुप से मॉनिटरिंग की जावे। जिन पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने, उनके कार्ड प्राथमिकता से बनाये जायें। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की लक्ष्यपूर्ति भी की जाना सुनिश्चित करें।इस दौरान एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. विशाल श्रीवास्तव व एम.एण्ड.ई. आशीष गीते तथा बी.पी.एम. प्रतापसिंह डावर उपस्थित थे।












