
किशोर दा की नगरी में गूंजेंगे उनके सदाबहार गीत, रविवार को सजेगी ‘ए ट्रिब्यूट टू किशोर दा नाइट’
खंडवा और भोपाल के गायक देंगे प्रस्तुति, शाम 4 बजे माणिक वाचनालय में सजेगी सुरों की महफिल
खंडवा। किशोर दा की नगरी खंडवा में रविवार को उनके सदाबहार गीतों की सुरमयी महफिल सजेगी। NSD म्यूजिकल ग्रुप की ओर से 13 सितंबर को माणिक वाचनालय में ‘ए ट्रिब्यूट टू किशोर दा नाइट’ का आयोजन किया जा रहा है। शाम 5 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में खंडवा और भोपाल के गायक-गायिकाएं किशोर कुमार के गीतों की प्रस्तुति देकर उन्हें संगीतमयी श्रद्धांजलि देंगे। समाजसेवी व किशोर प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि गीत संगीत के कार्यक्रम में शहर के संगीत प्रेमियों को किशोर दा के लोकप्रिय गीतों को अलग-अलग आवाजों में सुनने का अवसर मिलेगा। आयोजिका प्रियंका और संयोजक नितिशा बुंदेला के संयोजन में होने वाले कार्यक्रम में अतिथि के रूप में महापौर, विधायक के साथ समाजसेवी सुनील जैन दिनेश पालीवाल शिरकत करेंगे।
भोपाल के योगेश माकवे संभालेंगे मंच
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम का मंच संचालन भोपाल के सुप्रसिद्ध सिंगर और एंकर योगेश माकवे करेंगे। वे ‘अनुगूंज’ और ‘वॉइस ऑफ एमपी’ ग्रुप से भी जुड़े हैं और कार्यक्रम में प्रस्तुति के साथ मंच संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
भोपाल के साथ शहर के कलाकार भी देंगे आवाज
संगीत के कार्यक्रम में भीमराव अथकडे, प्रियंका, नितिशा बुंदेला, योगेश माकवे, विशाल दशोरे, घनश्याम माहेश्वरी, शंकर मूर्ति, हरिशंकर, आर.के. खिरीया, सुचिता जाधव, पल्लवी दशोरे, ऐशने बुंदेला, उदय पंढारे, रामकुमार, रूप बसंत, रूप सिंह, लखन राजपूत, वीरेंद्र विश्वकर्मा, ओ.पी. सतनामी, सुरेश यादव और योगेश बुमारे सहित अन्य कलाकार अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।
किशोर कुमार की जन्मभूमि एवं उनके पुश्तैनी मकान के पास खंडवा में आयोजित यह संगीतमयी शाम उनके चाहने वालों के लिए खास होगी। कलाकार किशोर दा के गाए लोकप्रिय गीतों के जरिए उनकी स्मृतियों को सुरों में जीवंत करेंगे।













