
रिपोर्टर = भव्य जैन
झाबुआ। दिलीपसिंह भूरिया शासकीय आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय झाबुआ में उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्राचार्य प्रो. पी. के. उछावर के मार्गदर्शन में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित हिंदी पुस्तकों की डिजिटल पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी के अंतर्गत विद्यार्थियों को हिंदी भाषा एवं साहित्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रमुख साहित्यकारों के चित्र डिजिटल माध्यम से दिखाए गए। साथ ही विद्यार्थियों को साहित्यकारों के जीवन, उनके साहित्यिक योगदान एवं हिंदी साहित्य में उनके महत्वपूर्ण स्थान से संबंधित संक्षिप्त जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा, हिंदी भाषा एवं साहित्य की समृद्ध विरासत से परिचित कराना तथा साहित्य के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. प्रगति मिमरोट एवं डॉ. मधुबाला मारू ने प्रमुख साहित्यकारों का परिचय देते हुए उनके साहित्यिक योगदान की जानकारी विद्यार्थियों को दी।













