
प्रधानमंत्री आवास योजना ने जिले के 10,903 ग्रामीण परिवारों को दी सुरक्षित आशियाने की सौगात


भुवनेश्वर यादव:- महासमुंद (त्रिलोक न्यूज)
महासमुंद 11 सितंबर 2026/ पक्के और सुरक्षित घर का सपना अब जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए हकीकत बन रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में राज्य सरकार तथा केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिले में 10,903 आवास पूर्ण होने के साथ हितग्राही परिवारों ने अपने नए आशियाने में पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ गृह प्रवेश किया। इनमें महासमुंद में 2,921, बागबाहरा विकासखंड में 2,221, पिथौरा में 2,967, बसना में 1,132 तथा सरायपाली में 1,662 आवास शामिल हैं। आज केन्द्रीय एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज चौहान द्वारा सक्ती जिला में आयोजित कार्यक्रम में राज्यभर के प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास हितग्राहियों को चाबी सौंपी गई।
इसी तारतम्य में जिले के अप्रैल 2026 से अभी तक नवनिर्मित पक्के मकानों में गृह प्रवेश के दौरान जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हितग्राही परिवारों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घरों को रंगोली, फूल-मालाओं और पारंपरिक सजावट से सजाया गया। लंबे समय से पक्के मकान का सपना संजोए परिवारों के लिए अपने नए घर में प्रवेश का यह अवसर बेहद भावुक और खुशी भरा रहा। जनप्रतिनिधियों द्वारा हितग्राहियों से संवाद करते हुए उन्हें नए घर के लिए शुभकामनाएं दी गई।
बागबाहरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम भालूचंुवा की श्रीमती लक्ष्मीबाई ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से उन्हें सुरक्षित और पक्का घर मिलने से परिवार की सबसे बड़ी चिंता दूर हुई है। अब उन्हें कच्चे मकान में बारिश, गर्मी और अन्य मौसम की परेशानियों से राहत मिलेगी। इसी तरह ग्राम घोयनाबाहरा के हितग्राही श्री सुकसिंग ने कहा कि पक्के घर के साथ परिवार को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन की नई उम्मीद मिली है। उन्होंने कहा कि नए घर के रूप में मिली यह सौगात उनके परिवार के लिए भविष्य का आधार है। हितग्राही परिवारों ने पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उनके वर्षों पुराने सपने को साकार किया है।













