
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कालमुखी पहुंचीं विधायक कंचन तनवे
शिविर का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी दी, हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र एवं विद्यार्थियों को वितरित की साइकिल
खंडवा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को खंडवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कालमुखी में आयोजित कार्यक्रम में खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे सम्मिलित हुईं। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया और विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कंचन तनवे ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से “आपकी सरकार, आपके द्वार” की भावना के साथ सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों को योजनाओं का लाभ दिला रही है।
उन्होंने कहा कि खंडवा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विधानसभा क्षेत्र में दो सर्वसुविधायुक्त संदीपनि विद्यालयों की सौगात दी गई है। विधायक ने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान उन्होंने प्रश्न लगाकर खंडवा में बटालियन की मांग रखी थी। जुलाई माह में मुख्यमंत्री के खंडवा आगमन के दौरान उनके द्वारा बटालियन की घोषणा की गई।
विधायक ने कहा कि खंडवा-मूंदी मार्ग के निर्माण के लिए भी लगातार प्रयास किए गए, जिसका परिणाम है कि अब लगभग 180 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण की टेंडर प्रक्रिया जारी कर दी गई है। इसी प्रकार सुरगांव निपानी क्षेत्र में लगभग 110 एकड़ भूमि पर 300 से अधिक उद्योग स्थापित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में रोजगार एवं विकास के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा स्कूली विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
बच्चों के साथ किया मध्यान्ह भोजन
कार्यक्रम के बाद विधायक कंचन तनवे ने ग्राम कालमुखी स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया और बच्चों से उनकी पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं तथा अन्य विषयों को लेकर संवाद किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद विधायक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
किसान के खेत पहुंचकर जानी फूलों की खेती की जानकारी
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विधायक सफल किसान से संवाद करने के लिए ग्राम कालमुखी निवासी किसान रमेश केलकर के खेत पहुंचीं। उन्होंने किसान से गेंदे के फूल की खेती के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
किसान रमेश केलकर ने बताया कि मुख्यमंत्री की योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने फूलों की खेती शुरू की, जिससे उन्हें अच्छा लाभ मिल रहा है। वर्तमान में उनके खेत में उत्पादित गेंदे के फूल 30 से 40 रुपये प्रति किलो तक बिक रहे हैं। विधायक ने किसान के प्रयास की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी आधुनिक एवं लाभकारी खेती के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात विधायक ने कालमुखी स्थित उद्यानिकी विभाग की गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, महापौर अमृता यादव, जिला पंचायत CEO ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर श्रद्धा शुक्ला, एसडीएम ऋषि सिंघाई, भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, पूर्व खंडवा जनपद अध्यक्ष राजपाल चौहान, तपन डोंगरे, कपिल अनजने, सरपंच मनीषा वर्मा, गोविंद वर्मा, ओम गुप्ता, सरपंच राहुल मंडवाल, पंकज गुप्ता, लखन केलकर, अरुण गुर्जर, प्रवीण गुर्जर, बद्री नायक, रमेश केलकर, जितेंद्र सावनेर, शरद राठौड़, पुरन नायक, कमल ठाकुर, दिनेश परमार, नैन सिंह राठौड़, गुलशन तवर, सूरज लाड़ सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।












