संत रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकली कलश वंदन यात्रा का समापन
सामाजिक समरसता और सद्भाव की संत रविदास जी की सोच आज साकार हो रही है – विधायक श्री पाटीदार
5 लाख रुपये की लागत से निर्मित संत रविदास मांगलिक भवन का हुआ लोकार्पण
खरगोन 10 सितंबर 2026। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिले में निकाली गई कलश वंदन यात्रा का समापन कार्यक्रम काला देओल मार्ग पर आयोजित हुआ। 20 अगस्त से प्रारंभ हुई यह यात्रा जिले के विभिन्न ग्रामों एवं नगरों से होकर गुजरी। समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने सामाजिक समरसता एवं सद्भाव का संदेश दिया था, उनकी यही सोच आज साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को सहेजने में अनेक संतों एवं महापुरुषों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी स्मृतियों को चिरस्थाई बनाए रखने तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशभर में कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री भगवान परमार ने कहा कि महापुरुषों के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की वाणी और उनके सामाजिक समरसता एवं समतामूलक समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जाना चाहिए।
जिला अध्यक्ष श्रीमति नंदा ब्राह्मणे ने कलश वंदन यात्रा के सफल आयोजन के लिए जनजातीय कार्य विभाग एवं यात्रा टीम को बधाई दी। कार्यक्रम में जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. कविता आर्य एवं सहायक संचालक श्री महेश निशोध सहित विभागीय अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश मंत्री श्री नितेश नरवले, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद शिंदे, अजा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर भालसे, यात्रा संयोजक श्री रेवाराम तावड़े, श्री मांगीलाल गाडगे, श्री शंभू सिंह मनहर, श्री बापूसिंह परिहार, श्री किशोर वर्मा, श्री सुंदर बारसे, श्री नारायण सोलंकी, श्री लच्छीराम नागरे, श्रीमती सुनीता तटवाड़े, श्रीमती बेबी बाई मंडलोई, श्री संतोष सोलंकी, श्रीमती सीमा वर्मा, श्रीमती पूजा ओरे, श्रीमती संगीता भावरे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री चंद्रशेखर भालसे एवं श्री अमित शर्मा ने किया।
संत रविदास मांगलिक भवन का लोकार्पण
समापन कार्यक्रम के अवसर पर विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने 05 लाख रुपये की लागत से निर्मित संत श्री रविदास मांगलिक भवन का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर श्री अशोक बछाने, श्री मदन कोठारे, श्री मिश्रीलाल अर्ने, श्री मुकेश सुरागे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।