*शासकीय निर्माण कार्य में लापरवाही पड़ी भारी, पंचायत सचिव निलंबित*
*शिवनार नाले पर निर्मित पुलिया की गुणवत्ता एवं भुगतान में मिली अनियमितता पर जिला पंचायत सीईओ की कार्रवाई*
*डिंडौरी, 04 सितंबर 2026*
जनपद पंचायत करंजिया अंतर्गत ग्राम पंचायत सैनगुड़ा के ग्राम सैरहा में शिवनार नाले पर निर्मित पुलिया के निर्माण कार्य में अनियमितता एवं पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर जिला पंचायत डिंडौरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी ने ग्राम पंचायत सैनगुड़ा के सचिव श्री शंकर आर्मो को निलंबित कर दिया है। प्राप्त शिकायत की जांच में पाया गया कि पुलिया निर्माण की कुल स्वीकृत राशि 13.59 लाख रुपये थी, जिसमें 1.91 लाख रुपये मजदूरी मद तथा 11.68 लाख रुपये सामग्री मद के लिए स्वीकृत थे। निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी दिशा-निर्देशों के विपरीत कराए जाने के साथ मजदूरी मद से राशि व्यय करने एवं मनरेगा पोर्टल पर भुगतान संबंधी प्रविष्टियों के मामले में भी अनियमितता सामने आई।
उक्त मामले में श्री शंकर आर्मो को 28 अगस्त 2026 को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। प्रस्तुत जवाब संतोषजनक एवं समाधानकारक नहीं पाए जाने तथा पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई। निर्माण कार्य में लापरवाही, कर्तव्य के प्रति उदासीनता एवं वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर ’’मध्यप्रदेश पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999’’ के प्रावधानों के तहत श्री आर्मो को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा तथा उनका मुख्यालय जनपद पंचायत करंजिया निर्धारित किया गया है। आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।










