
चौपारण। गुरुवार को चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के द्वारा प्रखण्ड के सिंहपुर में स्तिथ डॉ ललन बाबू कस्तूरबा गांधी उच्च विद्यालय, में छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत जागरूक किया गया। मौके पर थाना प्रभारी ने पंकज कुमार ने कहा कि साइबर ठग बैंक, शादी का कार्ड सहित अन्य बहाने से एपीके लिंक भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करें और न ही अनजान व्यक्ति को ओटीपी बताएं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता पिता को भी बताने को कहा। साथ ही कहा कि साइबर ठगी की घटना होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। वहीं दुर्घटना, आगजनी या किसी अन्य आपात एवं आपदा की स्थिति में 112 पर कॉल करने की सलाह दी। थाना प्रभारी ने नशे को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि न नशे का सेवन करें और न ही इसकी खेती व तस्करी में शामिल हों। नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों में कानूनी कार्रवाई होने पर भविष्य में चरित्र प्रमाणपत्र और सरकारी नौकरी पाने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, महिला प्रताड़ना और डायन कुप्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति भी जागरूक किया। पंकज कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में थाने में कम उम्र के लड़के-लड़कियों से जुड़े मामले भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने नाबालिगों को कानून की जानकारी देते हुए गलत कदम उठाने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी और उसका पालन ही सुरक्षित भविष्य की नींव है। विद्यार्थियों से गलत संगति से दूर रहने और पढ़ाई पर ध्यान देकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने थाना प्रभारी पंकज कुमार का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। छात्र-छात्राओं में सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने में उनके योगदान के लिए विद्यालय के संस्थापक सदस्य अरविंद सिन्हा, प्रबंधक चंदन कुमार एवं प्राचार्या डॉ. ममता कुमारी ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।













