
रिपोर्टर= भव्य जैन
झाबुआ। दिलीपसिंह भूरिया शासकीय आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झाबुआ में उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्राचार्य प्रो. पी. के. उछावर के मार्गदर्शन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार परसेन्डिया सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं मटकी पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के कई सहायक प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में दिग्विजयसिंह पचाहा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्राचार्य प्रो. पी. के. उछावर द्वारा ₹1001 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में उत्साह एवं उमंग का वातावरण रहा।
कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मिताली नीमा एवं सदस्य प्रो. रानू निनामा, प्रो. महिमा कुमावत, प्रो. जितेन्द्र कुमार नायक तथा प्रो. कोमल बारिया ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।











