
*जिलेभर में हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी*
*कलेक्टर ने छात्राओं से कहा—चुनौतियों से घबराएं नहीं, आत्मविश्वास के साथ बढ़ें आगे*
*भक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विविध आयोजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण*
*छात्रावासों, विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी*
*डिंडौरी, 04 सितंबर 2026*
जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व विभिन्न शासकीय छात्रावासों, विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। वीरांगना रानी दुर्गावती पी.वी.टी.जी. सीनियर बालिका छात्रावास एवं शासकीय अनुसूचित जनजाति सीनियर बालिका छात्रावास डिंडौरी में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने मनमोहक गीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री राजेन्द्र कुमार जाटव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि छात्रावासों में छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की उपस्थिति में सीएसआर के तहत आईसीआईसीआई बैंक जबलपुर द्वारा सेनेटरी नैपकिन ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन भी स्थापित की गई।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप लोग किसी से कम नहीं हैं। जीवन में कितनी भी चुनौतियां आएं, अपना आत्मविश्वास कभी टूटने नहीं देना है। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने माता-पिता से दूर रहकर छात्रावास में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। ऐसे में शिक्षक एवं छात्रावास की अधीक्षक उन्हें यशोदा मां के समान ममता, स्नेह और मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेकर निरंतर आगे बढ़ने तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने छात्रावास का निरीक्षण करते हुए छात्राओं से उनकी पढ़ाई, भोजन, आवासीय सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में संवाद किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं की शिक्षा एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसी क्रम में आकांक्षी विकासखंड बजाग के पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाड़ासरई में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके उपदेशों एवं भगवद्गीता के महत्व की जानकारी देते हुए सत्य, धर्म एवं कर्तव्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिसर को फूलों एवं रंगोली से सजाया गया तथा कृष्ण जन्म कथा वाचन के बाद प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
आकांक्षी विकासखंड बजाग के आंगनवाड़ी केंद्रों में भी जन्माष्टमी का उल्लास देखने को मिला। परियोजना बजाग के सेक्टर लालपुर एवं हर्रा के आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। आंगनवाड़ी केंद्रों को फूलों, गुब्बारों एवं रंगोली से सजाया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं लीलाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं उपस्थित माताओं को खीर-पूड़ी का वितरण किया गया। जिले के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित इन कार्यक्रमों ने बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।






