खरगोनमध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ऊन में जनविश्वास शिविर आयोजित

शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना अभियान का उद्देश्य -श्री पोरवाल

शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना अभियान का उद्देश्य : श्री पोरवाल

 

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ऊन में जनविश्वास शिविर आयोजित

 

विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर मिलीं शासकीय सेवाएं, योजनाओं का लाभ एवं स्वास्थ्य सुविधाएं

 

अनिल कुमार बिलवे- खरगोन 11 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ऊन स्थित महालक्ष्मी मंदिर प्रांगण में जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ शासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना रहा।

 

मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव खनिज संसाधन विभाग श्री विवेक पोरवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। प्रशासन की कार्यप्रणाली की वास्तविक कसौटी यही है कि आमजन शासकीय सेवाओं से कितना संतुष्ट है और उसके मन में शासन-प्रशासन के प्रति कितना विश्वास है। मुख्यमंत्री जी ने इसी भावना के साथ जनविश्वास अभियान की शुरुआत की है।

 

उन्होंने कहा कि कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद के नेतृत्व में जिले में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा नवाचार करते हुए अधिकारियों को आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने और मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

श्री पोरवाल ने कहा कि हमारा प्रयास केवल शिकायत मिलने के बाद उसका निराकरण करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना होना चाहिए कि समस्या उत्पन्न ही न हो। शासन के विभिन्न कार्यक्रमों में आमजन की भागीदारी महत्वपूर्ण है, लेकिन हमारा लक्ष्य यह भी होना चाहिए कि नियमित रूप से किए जाने वाले कार्यों और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से लोगों की समस्याएं पहले ही दूर कर दी जाएं। सभी अधिकारी अपने दैनिक कार्यों में इसी सोच के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को समय पर शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल सके।

 

कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

 

जनविश्वास शिविर में कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। उन्होंने नागरिकों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी ली तथा पात्रतानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें तथा क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं।

 

कलेक्टर श्री प्रसाद ने शिविर में मौजूद नागरिकों से क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की सेवाओं को आमजन के और करीब लाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

 

विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर उपलब्ध कराई गईं सेवाएं

 

शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, खाद्य, शिक्षा, श्रम, सामाजिक न्याय, आयुष्मान भारत, आधार, समग्र ई-केवाईसी, रोजगार एवं स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासकीय सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। नए आवेदनों का पंजीयन, दस्तावेजों का सत्यापन, ई-केवाईसी तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवश्यक कार्यवाही भी मौके पर की गई।

 

स्वास्थ्य शिविर में 360 हितग्राहियों का पंजीयन

 

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में कुल 360 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जिनमें 168 पुरुष एवं 192 महिलाएं शामिल रहीं। शिविर के दौरान 22 गर्भवती महिलाओं (एएनसी) का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच की गई। साथ ही 4 गर्भवती महिलाओं की ई-केवाईसी भी की गई।

 

शिविर में 102 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त टीबी जांच के लिए 25 लोगों के एक्स-रे, सिकल सेल रोग की 30 जांचें तथा हड्डी रोग से संबंधित 39 मरीजों की जांच की गई। बीपी, शुगर एवं अन्य सामान्य रोगों से संबंधित मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।

 

आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी एवं आवश्यक अपडेट किए गए। हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना के लाभ एवं उपयोग की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

 

शिविर में नागरिकों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, एनीमिया नियंत्रण, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम एवं उपचार तथा शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया।

 

योजनाओं का लाभ लेने बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिक

 

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ भी वितरित किए गए। क्षेत्र के ग्रामीणों एवं नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ लिया।

 

शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बापूसिंह परिहार, पुलिस अधीक्षक श्री रवींद्र वर्मा, डीएफओ श्री रमेश राठौर, अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, जिला पंचायत सीईओ श्री मिलिंद कुमार नागदेवे, एसडीएम श्री सत्येंद्र बैरवा सहित अन्य जिला अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!