
“निमाड़ क्लब” बनेगा खंडवा का आधुनिक स्पोर्टस एवं रिक्रिएशन हब ,पीपीपी मॉडल पर विकसित होंगी अत्याधुनिक खेल एवं सामुदायिक सुविधाएं

—
खंडवा शहर को शीघ्र ही एक आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स एवं रिक्रिएशन सेंटर की सौगात मिलने जा रही है। निमाड़ क्लब समिति द्वारा क्लब परिसर में जिम, कैफे, क्रिकेट टर्फ, पिकलबॉल कोर्ट एवं बैंक्वेट हॉल जैसी आधुनिक सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव हेतु सार्वजनिक निजी भागीदारी अर्थात पीपीपी मॉडल पर निविदा प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है। निमाड़ क्लब समिति जिले के अधिकारियों द्वारा गठित एक संस्थागत मंच है, जिसके अध्यक्ष कलेक्टर खंडवा, उपाध्यक्ष पुलिस अधीक्षक, सचिव मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा अन्य वरिष्ठ जिला अधिकारी सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। समिति का उद्देश्य केवल क्लब संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा नागरिकों एवं शासकीय कर्मचारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण मनोरंजन एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
निमाड़ क्लब परिसर में स्थित वर्षों पुराने भवनों का जीर्णाेद्धार कर उन्हें आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है। इस विकास का मूल उद्देश्य जिले के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों सहित सभी शासकीय सेवकों को बेहतर खेल एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा शहरवासियों के लिए एक ऐसा समेकित परिसर विकसित करना है, जहां खेल, फिटनेस, मनोरंजन एवं सामाजिक गतिविधियों की विविध सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए निमाड़ क्लब समिति द्वारा ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई थीं। प्राप्त निविदाओं में से पात्र निविदाकारों द्वारा दिनांक 10 जून 2026 को अपने प्रस्तुतीकरण दिए गए, जिनमें प्रस्तावित सुविधाओं के संचालन की कार्ययोजना, नागरिकों को होने वाले लाभ, खेल गतिविधियों के विस्तार तथा परिसर के समग्र विकास संबंधी दृष्टिकोण प्रस्तुत किया गया। तकनीकी मूल्यांकन एवं आवश्यक दस्तावेजों के परीक्षण के उपरांत वित्तीय निविदाएं 11 जून 2026 को कलेक्टर एवं समिति सदस्यों की उपस्थिति में खोली गईं, जिसमें “उत्साह एरीना” का चयन किया गया।
उल्लेखनीय है कि उत्साह एरीना के प्रमुख भागीदार श्री मयंक केशरे पूर्व से “प्रीमियम फिटनेस जिम” का सफल संचालन कर रहे है, जबकि श्री गौरव सिंह बिसेन “चौपाल कैफे” के संचालन का अनुभव रखते हैं। खेल एवं आतिथ्य क्षेत्र में उनके अनुभव का लाभ निमाड़ क्लब के विकास एवं बेहतर संचालन में मिलेगा। निमाड़ क्लब के पीपीपी मॉडल पर विकसित होने के बाद खंडवा के नागरिकों को पहली बार एक ही परिसर में आधुनिक जिम, उच्च गुणवत्ता वाला क्रिकेट टर्फ, तेजी से लोकप्रिय हो रहे पिकलबॉल कोर्ट, कैफे एवं बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह परिसर केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं परिवारों के लिए एक सुरक्षित, स्वच्छ एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।
विशेष रूप से यह पहल जिले के शासकीय कर्मचारियों के लिए अत्यंत लाभकारी होगी, जिन्हें कार्यालयीन कार्यों के अतिरिक्त नियमित फिटनेस, खेलकूद एवं तनावमुक्त वातावरण की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही, शहर के युवाओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण खेल अधोसंरचना प्राप्त होने से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। यह पहल खंडवा में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, सामाजिक सहभागिता बढ़ाने तथा नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। निमाड़ क्लब के इस नवाचारपूर्ण मॉडल से खंडवा को एक ऐसा आधुनिक स्पोर्ट्स एवं कम्युनिटी हब प्राप्त होगा, जो आने वाले वर्षों में जिले की पहचान बन सकता है तथा स्वस्थ, सक्रिय एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






